वट सावित्री पर्व को लेकर मधेपुरा के बाजारों में उमड़ी भीड़, खरीदारी से बढ़ी रौनक

Vat Savitri 2026: मधेपुरा में वट सावित्री पर्व को लेकर बाजारों की रौनक चरम पर पहुंच गयी है. सुबह से ही महिलाएं खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही हैं. साड़ी, श्रृंगार सामग्री और पूजन सामग्री की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है.

Vat Savitri 2026: मधेपुरा से अमन श्रीवास्तव की रिपोर्ट . वट सावित्री पर्व नजदीक आते ही मधेपुरा शहर का बाजार पूरी तरह रंगीन नजर आने लगा है. शहर के प्रमुख बाजारों में महिलाओं की भीड़ बढ़ने से चहल-पहल तेज हो गयी है.

खासकर सुभाष चौक, स्टेशन चौक, कॉलेज चौक और आसपास के बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारी जारी है. महिलाएं व्रत और पूजा की तैयारी को लेकर पूरे उत्साह के साथ बाजार पहुंच रही हैं.

साड़ी और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर भीड़

वट सावित्री पर्व को लेकर सबसे ज्यादा भीड़ साड़ी और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर देखी जा रही है. महिलाएं नई साड़ियां, चूड़ियां, सिंदूर, बिंदी और अन्य सौंदर्य प्रसाधनों की जमकर खरीदारी कर रही हैं. दुकानदारों का कहना है कि पर्व के कारण बिक्री में काफी बढ़ोतरी हुई है.

बाजार में रंग-बिरंगी साड़ियों और पारंपरिक श्रृंगार सामग्री की मांग अधिक बढ़ी हुई है. महिलाएं अपनी पसंद के अनुसार खरीदारी करने में जुटी हुई हैं, जिससे बाजार में उत्सव जैसा माहौल बन गया है.

पूजन सामग्री और फलों की बढ़ी मांग

वट वृक्ष की पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बिक्री भी तेजी से बढ़ी है. कच्चा सूत, धूप, दीप, अगरबत्ती और पूजा की अन्य वस्तुओं की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं.

फल विक्रेताओं के यहां भी खूब भीड़ उमड़ रही है. केले, आम और अन्य मौसमी फलों की बिक्री में तेजी आयी है. दुकानदारों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में ग्राहकों की संख्या लगभग दोगुनी हो गयी है.

महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है पर्व

महिलाओं का कहना है कि वट सावित्री व्रत उनके लिए बेहद खास होता है. इस दिन वे अपने पति की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली के लिए व्रत रखती हैं. यही वजह है कि पर्व को लेकर महिलाओं में खास उत्साह देखा जा रहा है.

बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त

बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.

Also Read: पटना में आज : जानें PMCH में OPD में कौन डॉक्टर रहेंगे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >