मधेपुरा : अनुमंडल क्षेत्र के पात्र एवं राशन कार्ड से वंचित परिवारों को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है. यह अभियान 15 अगस्त 2026 तक सभी पंचायतों में चलाया जाएगा. अनुमंडल पदाधिकारी पंकज कुमार घोष ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर पंचायत स्तर पर आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है.
प्रत्येक पंचायत में लिए जाएंगे आवेदन
उदाकिशुनगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलजारी कुमार पंडित ने बताया कि प्रखंड की सभी 12 पंचायतों—मधुबन, गोपालपुर, जौतैली, लश्करी, बीड़ी रानपाल, बराही आनंदपुरा, शाहजादपुर, खाड़ा, बुधमा, पिपरा करौती, नयानगर और मंजौरा में पंचायत भवन अथवा पंचायत सरकार भवन पर आवेदन लिए जाएंगे. आवेदन संग्रहण की जिम्मेदारी विकास मित्र, कार्यपालक सहायक और पंचायत सचिव को सौंपी गई है.
प्रतिदिन 10 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य
अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत से प्रतिदिन कम से कम 10 आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. सभी प्राप्त आवेदनों की आरटीपीएस पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी. इसके बाद प्रखंड स्तर से प्रतिदिन समेकित रिपोर्ट आईटी शाखा को उपलब्ध कराई जाएगी.
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज अनिवार्य
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आवेदन निर्धारित प्रपत्र में ही स्वीकार किए जाएंगे. आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना होगा तथा आवेदक को स्वयं उपस्थित होकर आवेदन जमा करना होगा. बिना हस्ताक्षर अथवा अंगूठे के निशान वाले और अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. सभी आवेदन केवल आरटीपीएस के माध्यम से ही लिए जाएंगे.
पात्र परिवारों से आवेदन करने की अपील
प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलजारी कुमार पंडित ने पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों से निर्धारित अवधि के भीतर अपने पंचायत भवन पहुंचकर आवेदन जमा करने की अपील की है, ताकि उन्हें समय पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन का लाभ मिल सके.
और पढ़ें : पुलिस सुरक्षित तो नागरिक सुरक्षित', एसपी संदीप सिंह ने जनता से की बड़ी अपील
