25-30 लोगों ने लाठी-डंडे से किया हमला, घायलों का चल रहा इलाज –
उदाकिशुनगंज
नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 स्थित लोनिया चक मुहल्ला में गुरुवार की शाम साइड लेने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दबंगों ने बाइक चालक के घर में घुसकर जमकर मारपीट की, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना में विक्रम कुमार और हरिनंदन मंडल बुरी तरह जख्मी हो गये. दोनों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है.
जानकारी के अनुसार विक्रम कुमार अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान रास्ता संकरा होने के कारण टोटो चालक को साइड लेने में परेशानी हो रही थी. टोटो पर सवार महेशुआ गांव के पप्पू यादव ने इस बात को लेकर बाइक चालक से विवाद शुरू कर दिया. हालांकि विक्रम कुमार द्वारा माफी मांगने पर मामला तत्काल शांत हो गया और वह अपने घर लौट गए. घायल के परिजनों ने बताया कि कुछ देर बाद पप्पू यादव ने अपने गांव से कुमोद यादव समेत 25 से 30 लोगों को बुला लिया. सभी लाठी-डंडे और हथियार से लैस होकर विक्रम के घर पर धावा बोल दिया. आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर विक्रम और उसके भाई हरिनंदन मंडल की बेरहमी से पिटाई कर दी. घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे जिसके बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए. पीड़ित परिजनों का कहना है कि यदि समय पर लोग नहीं पहुंचते तो दोनों भाइयों की जान भी जा सकती थी. इधर घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग इसे खुलेआम दबंगई की घटना बता रहे हैं.