शिक्षक से की गयी मारपीट व अपमानजनक व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण

शिक्षक से की गयी मारपीट व अपमानजनक व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण

मधेपुरा. भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में सोमवार को बीएनएमयू शिक्षक संघ की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता शिक्षक संघ के महासचिव प्रो नरेश कुमार ने की. बैठक में एमएड थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी द्वारा विश्वविद्यालय के एक सम्मानित शिक्षक से की गयी मारपीट व अपमानजनक व्यवहार पर गंभीर चर्चा हुई. सभी सदस्यों ने घटना की निंदा की. इसे दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय व विश्वविद्यालय की गरिमा के खिलाफ बताया. केंद्राधीक्षक ने इस संबंध में पहले ही लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. सदस्यों ने कहा कि ऐसी हिंसात्मक घटना पूरे शिक्षक समुदाय के आत्म-सम्मान व मनोबल को ठेस पहुंचाती है. यह केवल एक शिक्षक का नहीं, पूरे शिक्षकीय समाज का अपमान है. बैठक में तय हुआ कि इस घटना की जानकारी कुलपति को ज्ञापन के रूप में दी जायेगी. दोषी छात्र पर बिहार परीक्षा अधिनियम 1981 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की गयी. सभी सदस्य इस बात पर सहमत थे कि मामला एक सप्ताह के भीतर विश्वविद्यालय की अनुशासन समिति को सौंपा जाये. बैठक में यह भी तय हुआ कि स्नातकोत्तर विभागों में परीक्षा केंद्र नहीं बनाये जाये, इससे विभागों में पढ़ाई एवं शोध कार्य बाधित होते हैं. परीक्षा केवल निर्धारित परीक्षा हॉल में ही हो. वीक्षण कार्य के दौरान पुलिस बल एवं अन्य जरूरी सुविधा नहीं मिलती है, ऐसे में शिक्षक वीक्षण कार्य नहीं कर सकते हैं. सदस्यों ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले का समाधान नहीं किया तो शिक्षक संघ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी गरिमा की रक्षा के लिए अन्य विकल्प अपनाने को मजबूर होगा. बैठक में डा मो अबुल फजल, प्रो नरेंद्र श्रीवास्तव, प्रो एमआई रहमान, प्रो उमाशंकर चौधरी, डा सुनील कुमार, प्रो प्रज्ञा प्रसाद आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >