MADHEPURA : अफवाह के कारण टीका लेने से मना कर रहीं छात्राएं, समझाने पर हुईं तैयार

उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या चार स्थित कन्या मध्य विद्यालय में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर लगाए जा रहे टीकाकरण अभियान के दौरान छात्राओं ने इंजेक्शन लेने से इंकार कर दिया.

उदाकिशुनगंज, मधेपुरा से कौनैन बशीर की रिपोर्ट :

उदाकिशुनगंज नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या चार स्थित कन्या मध्य विद्यालय में सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर लगाए जा रहे टीकाकरण अभियान के दौरान छात्राओं ने इंजेक्शन लेने से इंकार कर दिया. अफवाहों के कारण छात्राओं और उनके अभिभावकों में भय का माहौल बन गया था. हालांकि बाद में चिकित्सीय टीम के समझाने-बुझाने पर छात्राएं टीका लेने के लिए तैयार हो गईं. जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग की टीम सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए छात्राओं को टीका लगाने विद्यालय पहुंची थी. लेकिन कुछ अफवाहों के कारण छात्राओं ने सूई लेने से साफ मना कर दिया. इसके बाद स्थिति को संभालने के लिए उदाकिशुनगंज पीएचसी से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रूपेश कुमार के नेतृत्व में चिकित्सीय टीम विद्यालय पहुंची.

चिकित्सीय टीम ने अभिभावकों व छात्राओं बताये टीकाकरण के फायदे

टीम ने स्कूल परिसर में अभिभावकों और छात्राओं के साथ बैठक कर उन्हें टीकाकरण के महत्व और इसके फायदे के बारे में विस्तार से जानकारी दी. इस दौरान डॉ. रूपेश कुमार ने बताया कि यह टीका 14 से 15 वर्ष तीन माह तक की बालिकाओं को लगाया जाता है, जो बच्चेदानी में होने वाले कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी है. उन्होंने कहा यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है और सरकार द्वारा मुफ्त में उपलब्ध कराया जा रहा है. बाजार में इसकी एक डोज की कीमत करीब 15 हजार रुपये तक होती है. लेकिन सरकारी व्यवस्था के तहत इसे निःशुल्क दिया जा रहा है. लोगों को किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए. डॉ. रूपेश कुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोगों द्वारा यह गलत जानकारी फैलाई जा रही थी कि इस टीके से भविष्य में मां बनने की क्षमता पर असर पड़ता है. जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है. जागरूकता के बाद छात्राओं और अभिभावकों का भरोसा बढ़ा और टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया गया.

पहले दिन कुल 150 बालिकाओं ने लगवाया टीका

पहले दिन कुल 150 बालिकाओं को टीका लगाया गया. उन्होंने बताया कि यह अभियान 90 दिनों तक चलाया जाएगा और पूरे प्रखंड क्षेत्र में 20 स्थानों पर एएनएम के माध्यम से टीकाकरण किया जा रहा है. आने वाले समय में इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा भी बनाया जाएगा. इस मौके पर डॉ. राजन कुमार, बीएचएम अनिश कुमार, शिक्षा समिति के अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद संजय पूर्वे उर्फ मार्शल, प्रधानाध्यापक सियाराम मोची, संजय कुमार ठाकुर, मंजू कुमारी, स्नेहा प्रिया, मंजू प्रसाद सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >