लायंस क्लब ने छात्राओं को एनीमिया से बचाव की दी जानकारी, आयरन सिरप व सेनेटरी पैड बांटे

लायंस क्लब मधेपुरा ने लिटिल वर्ल्ड स्कूल में एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. किशोरियों को एनीमिया के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई. साथ ही आयरन सिरप और सेनेटरी पैड का वितरण किया गया.

मधेपुरा के डाक बंगला रोड स्थित लिटिल वर्ल्ड स्कूल में शुक्रवार को लायंस क्लब मधेपुरा की ओर से एनीमिया जागरूकता, आयरन सिरप एवं सेनेटरी पैड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को एनीमिया के प्रति जागरूक बनाना और उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग करना था. इस दौरान करीब 100 छात्राओं को एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय तथा संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई. साथ ही सभी छात्राओं के बीच आयरन सिरप और सेनेटरी पैड का वितरण किया गया.

समय पर पहचान और पौष्टिक आहार से एनीमिया से बचाव संभव : डॉ. नायडू

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नायडू कुमारी ने कहा कि किशोरियों में एनीमिया एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है. समय पर इसकी पहचान, नियमित आयरन की खुराक, पौष्टिक भोजन और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता अपनाकर इससे बचा जा सकता है. उन्होंने छात्राओं से हरी पत्तेदार सब्जियां, दाल, गुड़, चना और मौसमी फलों जैसे आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन करने की अपील की.

स्वस्थ किशोरियां ही सशक्त समाज की नींव : विकास सर्राफ

लायंस क्लब मधेपुरा के अध्यक्ष लायन विकास सर्राफ ने कहा कि स्वस्थ किशोरियां ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं. उन्होंने कहा कि लायंस क्लब आगे भी स्वास्थ्य जागरूकता और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा.

कार्यक्रम में क्लब सचिव लायन आलोक कुमार, एलसीआईएफ कोऑर्डिनेटर लायन मनीष सर्राफ, उपाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार, डॉ. विवेक कुमार, लायन गोपाल कुमार, लायन अर्पणा, लायन नंदनी वर्णवाल, लायन उर्मिला अग्रवाल, लायन मुन्नी, लायन अनिता अग्रवाल, लायन ओम प्रकाश श्रीवास्तव, लायन प्रमोद अग्रवाल, लायन अतुल भगत, लायन मनीष प्राणसुखका, लायन संजय कुमार सहित क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Shruti Kumari

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >