-संत मोरारी बापू प्रतिदिन दोपहर बाद एक बजे से संध्या छह बजे तक बाचेंगे कथा- सिंहेश्वर बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर न्यास समिति के मेला ग्राउंड में आगामी एक से 11 मई तक संगीतमय श्रीशिव महापुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन होने जा रहा है, जिसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही है. मेला ग्राउंड में भव्य पंडाल बन रहा है. देश-विदेश से आने वाले श्रोताओं के लिए विशेष रूप से ठहरने और पीने के लिए शुद्ध पानी व शौचालय की व्यवस्था रहेगी. इससे पहले रविवार को सिंहेश्वर मंदिर परिसर स्थित नियंत्रण कक्ष में स्नेह निमंत्रण पत्र का विमोचन न्यास समिति के कोषाध्यक्ष दिलीप कुमार खंडेलवाल, समिति सदस्य रोशन कुमार ठाकुर, योग नारायण राय, विजय कुमार सिंह, हरेंद्र मंडल न्यास, समिति प्रबंधक भवेश कुमार व अन्य आयोजको ने किया. इस विराट धार्मिक अनुष्ठान को लेकर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल है. सिंहेश्वर मंदिर परिसर स्थित नियंत्रण कक्ष में रविवार को आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यज्ञ मेला ग्राउंड, सिंहेश्वर में आयोजित होगा. जहां प्रतिदिन दोपहर बाद एक बजे से संध्या छह बजे तक श्रद्धालु शिवमहापुराण कथा का रसपान करेंगे. कथा वाचन परम पूज्य संत मोरारी बापू जी करेंगे. आयोजकों ने कहा कि श्रोता भगवान शिव की महिमा का श्रवण कर जीवन को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर सकते हैं. भजन- कीर्तन, प्रवचन और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से वातावरण भक्तिमय होगा. यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती देगा. बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी संदेश देगा. -कलशयात्रा से होगा महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ- इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत एक मई शुक्रवार को सुबह आठ बजे से भव्य कलश यात्रा के साथ होगी. शोभायात्रा बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर से निकलकर नगर भ्रमण करते हुए मेला ग्राउंड स्थित कथास्थल तक पहुंचेगी. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और युवतियां पारंपरिक परिधान में भाग लेंगी. -संतों के सानिध्य में होगा आयोजन- इस महायज्ञ के मुख्य आयोजक एवं व्यवस्थापक घनश्यामदास जी महाराज एवं रामसेवक दास जी महाराज हैं. जिनके मार्गदर्शन में पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है. आयोजन समिति के अनुसार यह यज्ञ क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरण और सनातन संस्कृति के प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा. -श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील- आयोजकों ने मधेपुरा, सहरसा, सुपौल सहित आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं और यज्ञ को सफल बनाएं. यजमान बनने एवं कलश यात्रा में भाग लेने के लिए इच्छुक श्रद्धालु निर्धारित संपर्क नंबरों पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
सिंहेश्वर में शिवमहापुराण ज्ञान यज्ञ एक से 11 मई तक, गूंजेंगे भक्ति के स्वर
सिंहेश्वर मंदिर परिसर स्थित नियंत्रण कक्ष में रविवार को आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यज्ञ मेला ग्राउंड, सिंहेश्वर में आयोजित होगा.
