Madhepura News: शंकरपुर (मधेपुरा). शंकरपुर अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारियों के स्थानांतरण एवं उच्च वर्गीय लिपिक संजय कुमार के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचलाधिकारी राहुल कुमार ने की. इस दौरान स्थानांतरित कर्मियों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सम्मानित किया गया.
स्थानांतरण को बताया सेवा का हिस्सा
अंचलाधिकारी राहुल कुमार ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का एक सामान्य हिस्सा है, लेकिन कार्यकाल के दौरान बने संबंध और साथ बिताए गए पल हमेशा याद रहते हैं. उन्होंने स्थानांतरित राजस्व कर्मचारी विकास कुमार, संजीव कुमार एवं अंकेश कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए उनके नए कार्यस्थल के लिए शुभकामनाएं दीं.
सेवानिवृत्त लिपिक के योगदान को किया याद
उच्च वर्गीय लिपिक संजय कुमार के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया. वक्ताओं ने उनके लंबे सेवाकाल के दौरान किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया. सभी ने उनके स्वस्थ, सुखमय और सफल जीवन की कामना की.
भावुक माहौल में दी विदाई
Madhepura News: समारोह के दौरान अंचल कार्यालय के कर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए. विदाई के समय भावुक माहौल देखने को मिला. सभी ने स्थानांतरित एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं.कार्यक्रम में जदयू प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार, राजस्व अधिकारी अरशद नदीम, प्रधान सहायक अनिल कुमार, दीपक कुमार, आयुष कुमार, जयकुमार, नदीम अख्तर, राजेश कुमार सहित अंचल कार्यालय के सभी कर्मी उपस्थित रहे.
