आनंद विहार जाने वाले यात्रियों को राहत, मधेपुरा से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेन के समय में हुआ बदलाव

आनंद विहार जाने वाले यात्रियों को राहत, मधेपुरा से गुजरने वाली स्पेशल ट्रेन के समय में हुआ बदलाव

पूर्णिया कोर्ट से 2.30 घंटे और सहरसा से एक घंटे कम में पहुंचेगी ट्रेन मधेपुरा. पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सहरसा व पूर्णिया कोर्ट से आनंद विहार के लिए चलायी जा रही स्पेशल ट्रेनों की समय सारणी में संशोधन किया है. नयी समय सारणी लागू होने के बाद अब यात्रियों को पहले की तुलना में कम समय में दिल्ली पहुंचने की सुविधा मिलेगी. रेलवे के अनुसार पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन के सफर समय में 2 घंटा 30 मिनट की कमी की गयी है. पहले यह ट्रेन 32.30 घंटे में सफर पूरा करती थी, जबकि अब यह दूरी 30 घंटे में तय करेगी. वहीं सहरसा-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन अब पहले की तुलना में एक घंटा कम समय लेगी. पहले यह ट्रेन 29 घंटे में पहुंचती थी, अब 28 घंटे में आनंद विहार पहुंचेगी. रेल प्रशासन ने बताया कि पूर्णिया कोर्ट से चलने वाली संशोधित समय सारणी 15 मई 2026 से तथा सहरसा से चलने वाली नयी समय सारणी 19 मई 2026 से प्रभावी होगी. पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल का नया समय गाड़ी संख्या 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल प्रत्येक शुक्रवार व रविवार को अब शाम 4.30 बजे के बजाय शाम 7 बजे पूर्णिया कोर्ट से खुलेगी. ट्रेन बनमनखी, मुरलीगंज, दौरम मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और बगहा सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन रात 1.05 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 05580 आनंद विहार-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल प्रत्येक रविवार व मंगलवार को चलेगी. संशोधित समय के अनुसार यह ट्रेन अब दोपहर 1.45 बजे के बजाय सुबह 11.30 बजे ही पूर्णिया कोर्ट पहुंच जायेगी. सहरसा-आनंद विहार स्पेशल का भी बदला समय गाड़ी संख्या 05575 सहरसा-आनंद विहार स्पेशल 19 मई 2026 से प्रत्येक मंगलवार को रात 9 बजे के बजाय रात 8 बजे सहरसा से खुलेगी. यह ट्रेन सुपौल, निर्मली, झंझारपुर, सकरी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज और बगहा होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 05576 आनंद विहार-सहरसा स्पेशल प्रत्येक गुरुवार को चलेगी. संशोधित समय के अनुसार यह ट्रेन अब सुबह 10.30 बजे के बजाय सुबह 9.05 बजे ही सहरसा पहुंच जायेगी. रेलवे अधिकारियों ने कहा कि समय में बदलाव से कोसी व सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी तथा दिल्ली की यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >