पुरैनी गैस एजेंसी में तीन बड़ी वारदात, 169 सिलेंडर चोरी का दावा : अब तक एक भी मामले का उद्भेदन नहीं

पुरैनी स्थित एचपी गैस एजेंसी में लगातार हो रही चोरियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. 2024 और 2026 में 169 गैस सिलेंडर चोरी हुए, जबकि 2018 में हथियार के बल पर 1.29 लाख रुपये लूटे गए. पुलिस की धीमी जांच से एजेंसी संचालक और स्थानीय लोग असंतुष्ट हैं.

पुरैनी : पुरैनी स्थित एचपी गैस एजेंसी में चोरी और छिनतई की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. उपलब्ध शिकायतों और दस्तावेजों के अनुसार एजेंसी से जुड़ी तीन बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. इनमें वर्ष 2018 में हथियार के बल पर रुपये लूटने की शिकायत, वर्ष 2024 में 78 भरे गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान की चोरी और अब वर्ष 2026 में 91 भरे गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत शामिल है.

एजेंसी संचालक का आरोप है कि इन घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी मामले का ठोस उद्भेदन नहीं हो सका है. लगातार घटनाओं के बाद एजेंसी संचालक और स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

2024 में टूटे थे गोदाम के ताले, 78 सिलेंडर गायब

23 अगस्त 2024 को गैस एजेंसी के गोदाम में चोरी की बड़ी घटना सामने आयी थी. एजेंसी संचालक अफरोज आलम ने पुरैनी थाना में दिये आवेदन में बताया था कि सुबह सूचना मिलने पर गोदाम पहुंचने पर मुख्य गेट खुला मिला और ताला टूटा हुआ था.

जांच के दौरान 14.2 किलोग्राम के 78 भरे गैस सिलेंडर गायब मिले. इसके अलावा कार्यालय से करीब चार हजार रुपये नकद, इन्वर्टर, बैटरी, पंखा समेत एजेंसी से जुड़े अन्य सामान चोरी होने की शिकायत की गयी थी.

संचालक ने पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहन जांच की मांग की थी. दस्तावेज में घटना के बाद डॉग स्क्वायड की टीम बुलाये जाने का भी उल्लेख है.

9 अगस्त 2026 को फिर चोरी, इस बार 91 सिलेंडर गायब

अब 9 अगस्त 2026 को एजेंसी के गोदाम से चोरी की एक और बड़ी घटना सामने आयी. शिकायत के अनुसार इस बार 91 भरे गैस सिलेंडर चोरी हुए हैं. घटना को लेकर एजेंसी संचालक ने पुरैनी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है.

शिकायत में गोदाम की सुरक्षा व्यवस्था, घटना के समय और चोरी गये सिलेंडरों से संबंधित जानकारी का उल्लेख किया गया है.

दो घटनाओं में 169 भरे सिलेंडर चोरी का दावा

उपलब्ध दस्तावेजों में दर्ज आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 और 2026 की दोनों चोरी की घटनाओं में कुल 169 भरे गैस सिलेंडर चोरी होने की शिकायत की गयी है.

चोरी का आंकड़ा

  • वर्ष 2024 : 78 भरे सिलेंडर
  • वर्ष 2026 : 91 भरे सिलेंडर
  • कुल : 169 भरे सिलेंडर

2018 में 1.29 लाख रुपये लूटने की शिकायत

गैस एजेंसी से जुड़ी पहली घटना वर्ष 2018 में सामने आयी थी. एजेंसी संचालक की ओर से थाना में दिये आवेदन में 1,29,570 रुपये गोदाम से आने के दौरान हथियार के बल पर लूटे जाने की बात कही गयी थी.

आवेदन में घटना की जांच कर कार्रवाई की मांग की गयी थी. हालांकि, इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई हुई और जांच किस निष्कर्ष तक पहुंची, इसकी स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है.

पुरानी घटनाओं की जांच पर भी उठ रहे सवाल

लगातार तीसरी बड़ी घटना सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि पिछली घटनाओं की जांच कहां तक पहुंची. एजेंसी संचालक का आरोप है कि शिकायत और प्राथमिकी के बावजूद अब तक किसी भी घटना का ठोस उद्भेदन नहीं हुआ है.

लगातार घटनाओं के कारण पुलिस के सामने हाल की चोरी का खुलासा करने के साथ ही पूर्व की घटनाओं की भी दोबारा समीक्षा करने की चुनौती है. साथ ही गोदामों की सुरक्षा और इलाके में पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

थाना अध्यक्ष बोले- जल्द होगा मामले का उद्भेदन

इस संबंध में पुरैनी थाना अध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि घटना का अनुसंधान जारी है. शीघ्र ही मामले का उद्भेदन किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वसीम अख्तर

वसीम अख्तर प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. पुरैनी (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >