– 55 लाख दहेज देने के बाद भी प्रताड़ना, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के साथ पीड़िता पहुंची महिला थाना – मधेपुरा जिले के नगर परिषद क्षेत्र से घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. वार्ड संख्या 13 की निवासी नेहा लाल ने अपने शिक्षक पति व ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है. -अवैध संबंधों का विरोध पड़ा महंगा- पीड़िता के अनुसार, उसके पति रितेश कुमार सिन्हा का पिछले डेढ़ साल से उत्तर प्रदेश की एक शिक्षिका के साथ अवैध संबंध है. जब नेहा ने इसका विरोध किया, तो उसे बेरहमी से पीटा गया. पीड़िता का दावा है कि उसके पास इस धोखे और मारपीट के पुख्ता सबूत भी मौजूद हैं. नेहा ने बताया कि 18 अप्रैल की सुबह साजिश के तहत उसे जान से मारने की नियत से घसीट-घसीट कर पीटा गया, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. इससे पहले 21 मार्च को भी उसके साथ मारपीट कर बच्चों को छीन लिया गया था. -दहेज और धमकी- 2013 में हुई इस शादी में नेहा के परिवार ने करीब 55 लाख रुपये और सामान दिए थे. अब आरोप है कि ससुराल वाले उसे मायके की जमीन बेचकर पैसे लाने की धमकी दे रहे हैं और बात न मानने पर पति द्वारा दूसरी शादी करने का दबाव बनाया जा रहा है. महिला थाना अध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि आवेदन मिल चुका है. आरोपी पति को पूछताछ के लिए बुलाया गया है और मामला दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शिक्षक पति के अवैध संबंधों का किया विरोध, पत्नी को बेरहमी से पीटा
जिले के नगर परिषद क्षेत्र से घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है
