मधेपुरा जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने शराब और सूखा नशा के खिलाफ सघन अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी, वाहन जांच और ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गयी. कार्रवाई में अवैध देशी शराब के साथ बड़ी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया. विभाग ने इस अभियान में कुल 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. सबसे बड़ी कार्रवाई सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सबैला में हुई, जहां करीब 100 लीटर अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ लगभग 1000 बोतल और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया.
स्टेडियम से अस्पताल और यूनिवर्सिटी चौक तक हुई जांच
मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने जिले के प्रमुख सड़क मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया. स्टेडियम के समीप, कॉलेज चौक, सदर अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, बुडको मैदान, यूनिवर्सिटी चौक और सदर अस्पताल कैंपस समेत कई स्थानों पर वाहनों की जांच की गयी. इसके अलावा दवा दुकानों में भी विशेष छापेमारी कर नशीली दवाओं की अवैध बिक्री की जांच की गयी.
अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गयी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गयी.
आलमनगर और मुरलीगंज में भी पकड़ी गयी अवैध शराब
आलमनगर थाना क्षेत्र के डाकबंगला चौक के पास कार्रवाई के दौरान 0.500 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब बरामद की गयी. मामले में कुणाल कुमार और मुकेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया.
वहीं मुरलीगंज थाना क्षेत्र के जोरगामा नहर के पास विभाग की टीम ने 4 लीटर अवैध देशी शराब के साथ दिलीप कुमार को पकड़ा. दोनों स्थानों पर बरामद शराब को जब्त कर आरोपितों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की गयी.
सबैला में सबसे बड़ी कार्रवाई, कफ सिरप की खेप बरामद
सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के सबैला में हुई छापेमारी अभियान की सबसे बड़ी कार्रवाई रही. यहां से लगभग 100 लीटर अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया. इसके साथ करीब 1000 बोतल और एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया गया. मामले में ओमप्रकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ अन्य आरोपित मौके से फरार हो गये.
वहीं सिंहेश्वर मंदिर गेट के पास से पुलिस ने फरार अभियुक्त महेश दास उर्फ करिया को भी गिरफ्तार किया. उसके खिलाफ विधिसम्मत अभियोग दर्ज किया गया है.
ब्रेथ एनालाइजर जांच में 10 लोग गिरफ्तार
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ विभाग ने ब्रेथ एनालाइजर से भी जांच की. शराब सेवन के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया. अवैध शराब बरामदगी और शराब सेवन के मामलों को मिलाकर अभियान में कुल 15 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई.
नशे के खिलाफ लगातार जारी रहेगा अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब और नशे के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. विभाग की ओर से लोगों से अपील की गयी है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध शराब या नशीले पदार्थ से संबंधित गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
