मधेपुरा. भूपेन्द्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन के एमएड विद्यार्थियों द्वारा इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत पार्वती साइंस कॉलेज में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक गतिविधि का सफल आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य बीएड विद्यार्थियों में विषयगत ज्ञान, तार्किक क्षमता, प्रतिस्पर्धात्मक भावना तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता का विकास करना था. पार्वती साइंस कॉलेज के निर्देशन में आयोजित वस्तुनिष्ठ आधारित क्विज प्रतियोगिता में बीएड के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. प्रतियोगिता का आयोजन लड़कों एवं लड़कियों के लिए पृथक वर्गों में किया गया. प्रतियोगिता के उपरांत बॉयज़ वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय तथा गर्ल्स वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया.
संचालन में एमएड इंटर्नशिप प्रशिक्षुओं की भूमिका रही महत्वपूर्ण कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में एमएड इंटर्नशिप प्रशिक्षुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही. आयोजन में ऋषिराज, ऋतुराज सिंह, प्रिंस कुमार, अनमोल कुमारी, संतोष कुमार, रामकृष्ण कुमार, खुशबू आनंद, पल्लवी कुमारी, अस्मिता रानी तथा कृति ने सक्रिय एवं सराहनीय योगदान दिया. इस अवसर पर डॉ हरेकृष्ण, डॉ राम सिंह, डॉ अजय अंकोला तथा डॉ कुमारी परिणीता की गरिमामयी उपस्थिति रही.
शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास में सहायक
उपस्थित शिक्षकों ने इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों को विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक कौशल के विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया एवं एमएड प्रशिक्षुओं के प्रयासों की सराहना की. कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों एवं आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की ज्ञानवर्धक एवं नवाचार आधारित शैक्षणिक गतिविधियों के नियमित आयोजन के संकल्प के साथ संपन्न हुआ.
