मधेपुरा में बेखौफ अपराधियों का तांडव: नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की 10 गोलियां मारकर हत्या; इलाके में सनसनी

मधेपुरा के पुरैनी थाना क्षेत्र में पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की सोमवार देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मधेपुरा. पुरैनी थाना क्षेत्र की नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की सोमवार देर शाम अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही उदाकिशुनगंज और मधेपुरा सदर एसडीपीओ समेत पुलिस की कई टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी.

पंचायत सरकार भवन के खेल मैदान से लौट रहे थे विक्की

मिली जानकारी के अनुसार विक्की मेहता पंचायत सरकार भवन के खेल मैदान में बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य करवा रहे थे. काम पूरा कराने के बाद वे अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाये एक अपराधी ने पीछे से उन पर गोली चला दी.

गोली लगने के बाद विक्की जान बचाने के लिए भागने लगे. इसी क्रम में उनका चप्पल भी घटनास्थल पर छूट गया.

नया टोला चौक के पास घेरकर की फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भागते हुए विक्की नया टोला चौक के समीप मुख्य सड़क तक पहुंचे. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने विक्की मेहता पर करीब 10 गोलियां चलायीं. गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.

अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गये. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी वहां पहुंचे और गंभीर रूप से घायल विक्की मेहता को इलाज के लिए पुरैनी अस्पताल ले गये.

अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजन उन्हें लेकर जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गयी.

घटनास्थल और अस्पताल में जुटी ग्रामीणों की भीड़

हत्या की खबर फैलते ही आक्रोशित ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल और घटनास्थल पर जुट गयी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज भेज दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गयी है.

घटना स्थल | Prabhat Khabar Network

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसडीपीओ ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई की आशंका

बताया जा रहा है कि मृतक विक्की मेहता पर पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज थे. पंचायत क्षेत्र में उनका प्रभाव भी बताया जाता था. ऐसे में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या वर्चस्व की लड़ाई की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि पुलिस ने किसी एक कारण की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

देर रात तक प्राथमिकी की प्रक्रिया जारी

पुलिस हत्या की वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. अपराधियों की पहचान के साथ हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. देर रात तक पुरैनी थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >