सशक्त समिति चुनाव में रमण और अजय की बड़ी जीत, विनोद यादव निर्विरोध निर्वाचित

Nagar Parishad Election: नगर परिषद की सियासत में नया समीकरण, दो सीटों पर जोरदार मुकाबला और एक पद पर निर्विरोध जीत ने खींचा सबका ध्यान

उदाकिशुनगंज से कौनैन बशीर की रिपोर्ट

Nagar Parishad Election: उदाकिशुनगंज नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन को लेकर शनिवार को हुए चुनाव में नए नेतृत्व की तस्वीर साफ हो गई. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच संपन्न चुनाव में रमण कुमार राणा और अजय कुमार ने शानदार जीत दर्ज की, जबकि विनोद कुमार यादव निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए. चुनाव परिणाम सामने आते ही नगर परिषद की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है.

कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया

नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति के गठन के लिए प्रखंड कार्यालय सभागार में मतदान कराया गया. चुनाव प्रक्रिया सहायक निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ गुलजारी कुमार पंडित की देखरेख में हुई. वहीं एसडीएम पंकज कुमार घोष मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे. पूरे चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे.

पहली सीट पर रमण कुमार राणा की एकतरफा जीत

प्रथम पद के लिए रमण कुमार राणा और मो. फारुख के बीच मुकाबला था. मतगणना के बाद रमण कुमार राणा को 18 वोट मिले, जबकि मो. फारुख को केवल 3 मत प्राप्त हुए. इस तरह रमण कुमार राणा ने 15 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया.

दूसरे पद पर अजय कुमार का दबदबा

द्वितीय पद के लिए अजय कुमार और पवन मंडल मैदान में थे. मतदान के बाद अजय कुमार को 20 मत मिले, जबकि पवन मंडल को मात्र 2 वोट प्राप्त हुए. अजय कुमार ने 18 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल कर समिति में अपनी जगह सुनिश्चित की.

विनोद यादव बने निर्विरोध सदस्य

तृतीय पद के लिए केवल विनोद कुमार यादव ने नामांकन दाखिल किया था. किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं आने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया. यह चुनाव का सबसे चर्चित पहलू रहा.

परिणाम आते ही जश्न का माहौल

मतगणना के बाद बीडीओ गुलजारी कुमार पंडित ने एसडीएम पंकज कुमार घोष की मौजूदगी में तीनों विजयी सदस्यों को प्रमाण-पत्र सौंपा. परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई. प्रखंड कार्यालय परिसर के बाहर फूल-मालाओं से नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत किया गया और समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया.

Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >