मधेपुरा के मुरलीगंज में बाइक चोर गिरोह का बड़ा खुलासा, सरगना समेत 4 गिरफ्तार, 22 चोरी की बाइक और भारी मात्रा में पार्ट्स बरामद

Madhepura News: मुरलीगंज पुलिस ने एक बड़े बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जिसमें गिरोह के सरगना सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने 22 चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी मात्रा में उनके पार्ट्स भी बरामद किए हैं.

Madhepura News: मधेपुरा पुलिस ने बाइक चोरी और छिनतई के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है. मुरलीगंज थाना क्षेत्र में चल रहे इस नेटवर्क का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर कई जगहों पर छापेमारी की गई, जहां से 22 चोरी की मोटरसाइकिलें और उनके बड़ी संख्या में काटे गए पुर्जे बरामद हुए.

कार्रवाई में गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है. पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों का मिलान विभिन्न थानों में दर्ज बाइक चोरी के मामलों से किया जा रहा है.

एक गिरफ्तारी से खुला पूरे नेटवर्क का राज

सदर एएसपी प्रवेंद्र भारती ने थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था.

21 जुलाई को गुप्त सूचना के आधार पर मुरलीगंज थाना क्षेत्र के दिग्घी वार्ड संख्या-3 निवासी पुंज्वर कुमार को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने चोरी की बाइक खरीदने, बेचने और काटकर उनके पार्ट्स बेचने वाले पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया.

सरगना के ठिकाने से मिला चोरी का बड़ा जखीरा

पुंज्वर कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी की. इस दौरान रतनपट्टी वार्ड संख्या-3 निवासी गिरोह के सरगना निखलेश कुमार के घर से चोरी की कई मोटरसाइकिलें और उनके कटे हुए पुर्जे बरामद किए गए.

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 22 चोरी की मोटरसाइकिल, 17 खुले इंजन, 19 पेट्रोल टैंक, 16 पहियों के रिम, 2 खाली चेसिस, 13 स्टील कैरियर, 10 साइलेंसर, 12 शॉकर और बड़ी मात्रा में अन्य कटे हुए पार्ट्स जब्त किए हैं.

ऐसे काम करता था गिरोह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह चोरी की मोटरसाइकिलों को कुछ दिनों तक सुरक्षित स्थानों पर छिपाकर रखता था. बाद में पहचान मिटाने के लिए वाहनों को काटकर इंजन, चेसिस और अन्य पुर्जों को अलग-अलग बेच दिया जाता था.

पुलिस का मानना है कि इस तरीके से चोरी की गाड़ियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता था और गिरोह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था.

चार गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

इस मामले में पुलिस ने दिग्घी निवासी पुंज्वर कुमार, रतनपट्टी निवासी निखलेश कुमार, दिग्घी निवासी अनोज कुमार और डुमरिया निवासी आकाश कुमार को गिरफ्तार किया है.

वहीं भर्राही थाना क्षेत्र के राजपुर वार्ड संख्या-13 निवासी सुनील कुमार अभी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

Madhepura News: कई थानों की चोरी की वारदातों से जुड़ सकते हैं तार

पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों का रिकॉर्ड विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज बाइक चोरी के मामलों से मिला रही है. साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.

इस मामले में मुरलीगंज थाना कांड संख्या 440/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी नूरुल हक, पुअनि प्रमोद कुमार, पुअनि अजय कुमार, सअनि विश्वनाथ प्रसाद, डीआईयू टीम, जिला पुलिस बल और मुरलीगंज थाना की टीम शामिल रही.

Also Read: राज्यसभा पहुंचे नीतीश कुमार, पहले दिन क्या-क्या हुआ? उपराष्ट्रपति से भी की मुलाकात

Also Read: प्रशांत किशोर के खिलाफ इलेक्शन कमीशन पहुंची भाजपा, चुनाव में करोड़ों रुपये खर्च करने और AI-बॉट्स से प्रचार का आरोप



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sanjay kumar

Published by: Pratyush Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >