जुबैदा खातून हत्याकांड में जांच तेज, चौथे दिन घटनास्थल पहुंचे एसपी, मोबाइल और संदिग्ध कॉल पुलिस के रडार पर

Murder Investigation: उदाकिशुनगंज के चर्चित जुबैदा खातून हत्याकांड में जांच ने रफ्तार पकड़ ली है. घटना के चौथे दिन पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पहुंचे, परिजनों से पूछताछ की और वैज्ञानिक तरीके से जांच तेज करने का निर्देश दिया. पुलिस की नजर अब गायब मोबाइल फोन और एक रहस्यमय कॉल पर टिकी है.

मधेपुरा (उदाकिशुनगंज) की रिपोर्ट

Murder Investigation: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर परिषद के फनहन गांव वार्ड संख्या 10 में हुई जुबैदा खातून हत्याकांड की जांच को तेज करते हुए पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह रविवार को घटनास्थल पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना से जुड़ी जानकारी ली और स्थानीय पुलिस को सभी पहलुओं पर वैज्ञानिक ढंग से जांच कर जल्द मामले का खुलासा करने का निर्देश दिया. पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही पूरे मामले का उद्भेदन किया जाएगा.

घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से ली जानकारी

पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा की. इसके बाद उन्होंने मृतका के परिजनों से अलग-अलग बातचीत कर घटना से जुड़ी जानकारी हासिल की. परिजनों ने बताया कि जुबैदा खातून की किसी से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी. एसपी ने थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार को प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से जांच करने और तकनीकी साक्ष्यों का भी उपयोग करने का निर्देश दिया.

मोबाइल फोन बना जांच का अहम आधार

घटना के बाद से मृतका का मोबाइल फोन गायब है, जिसे पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार मान रही है. परिजनों के अनुसार मोबाइल में दो सिम कार्ड लगे थे. पुलिस का मानना है कि मोबाइल बरामद होने पर कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के जरिए जांच को नई दिशा मिल सकती है. इसी कारण मोबाइल की बरामदगी को प्राथमिकता दी जा रही है.

रहस्यमय कॉल की भी हो रही जांच

परिजनों ने पुलिस को बताया कि घटना के तुरंत बाद मृतका की बहन और बहनोई के पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया था. कॉल करने वाले ने केवल इतना कहा कि “देखिए जुबैदा को क्या हो गया है.” बाद में उसी नंबर पर दोबारा संपर्क करने पर बातचीत रिकॉर्ड हुई. पुलिस अब इस कॉल की गहन जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि यह कॉल मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

मुहर्रम की खुशियां मातम में बदलीं

Murder Investigation: जुबैदा खातून की हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में है. मुहर्रम के अवसर पर जहां गांव में मातमी जुलूस और धार्मिक आयोजन हो रहे थे, वहीं मृतका के घर में चूल्हा तक नहीं जला. मृतका के ससुर मो. नईम, सास शहाना खातून और अन्य परिजनों ने कहा कि इस घटना ने पूरे परिवार की खुशियां छीन ली हैं. पड़ोसी परिवार को भोजन उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन घर का माहौल अब भी गमगीन बना हुआ है.

जल्द खुलासे का पुलिस ने किया दावा

फोरेंसिक टीम पहले ही घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा चुकी है. मामले में मृतका की सास के फर्द बयान पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और पूरे मामले के खुलासे के काफी करीब पहुंच चुकी है. जल्द ही हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया जाएगा.

ALSO READ: पुल के पास कचरे का अंबार बना मुसीबत, दुर्गंध से राहगीर परेशान, बीमारी और हादसे का बढ़ा खतरा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Pintu Pranav

Published by: System

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >