Madhepura Murder: मधेपुरा. सदर थाना क्षेत्र के हरिराहा-दुधैला के समीप रतनपुरा-दुधैला मुख्य मार्ग किनारे धान के खेत से बोरे में बंद एक युवक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान बालमगढ़िया वार्ड संख्या-1 निवासी एवं मौर्या लैब के मैनेजर बाबू साहब (24) के रूप में हुई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है.
धान के खेत में बोरे से बाहर दिखे पैर, तब हुआ खुलासा
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब खेत में काम कर रही महिलाओं की नजर सड़क किनारे पड़े एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी. बोरे से बाहर निकले पैर देखकर उन्होंने शोर मचाया. सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोरा खोलने पर उसमें युवक का शव मिला. पुलिस के अनुसार शव के गले पर काला निशान और मुंह से खून के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.
एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. वहीं फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने अस्पताल पहुंचकर शव का परीक्षण किया और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस हत्या के कारणों और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पत्नी ने पांच लोगों को किया नामजद
मृतक की पत्नी निशा कुमारी ने सदर थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया कि कई लोगों ने फोन कर उनके पति को घर से बुलाया और बाद में उनकी हत्या कर शव को बोरे में बंद कर खेत में फेंक दिया. उन्होंने मणि कुमार, पूजा कुमारी, नयन कुमार, मनिता देवी सहित कुल पांच लोगों को नामजद करते हुए पांच से सात अज्ञात लोगों की संलिप्तता की आशंका जतायी है.
लगातार फोन आने के बाद घर से निकले थे बाबू साहब
आवेदन के अनुसार 29 जुलाई की सुबह सबसे पहले मणि कुमार का फोन आया और उन्होंने बाबू साहब को अपने घर बुलाया. इसके बाद पूजा कुमारी, नयन कुमार और मनिता देवी के भी लगातार फोन आए. सुबह करीब 10 बजे बाबू साहब अपनी पल्सर एनएस-200 मोटरसाइकिल से घर से निकले. दोपहर बाद जब पत्नी ने संपर्क करने का प्रयास किया तो दोनों मोबाइल फोन बंद मिले.
फेसबुक से मिली शव मिलने की सूचना
पत्नी ने बताया कि शाम करीब सात बजे फेसबुक के माध्यम से दुधैला-रतनपुरा के पास बोरे में बंद शव मिलने की जानकारी मिली. मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान उनके पति के रूप में हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि पैसों के लेन-देन के विवाद में उनके पति की हत्या की गई है. आवेदन में यह भी कहा गया है कि मृतक की मोटरसाइकिल, दोनों मोबाइल फोन, सोने की अंगूठी और अन्य सामान गायब हैं.
जनप्रतिनिधियों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
Madhepura Murder: पूर्व पैक्स अध्यक्ष इंदु भूषण कुमार ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की. समाजसेवी संजीव कुमार ने वैज्ञानिक तरीके से जांच कर जल्द खुलासा करने की मांग की. बालमगढ़िया पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार गुप्ता ने कहा कि बाबू साहब मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक थे तथा उनकी हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है.
