2.54 किलो गांजा के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया.

उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है. बरामद गांजा का कुल वजन करीब 2 किलो 54 ग्राम बताया गया है. इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जानकारी के अनुसार 9 अप्रैल 2026 को दरोगा गौरव कुमार सिपाही सुशांत कुमार गृह रक्षक दुर्गा कुमार सहित अन्य पुलिस टीम नियमित गश्ती पर थी. इसी दौरान सूचना मिली कि बीड़ी रणपाल गांव में देशी शराब की खेप बिक्री के लिए लाया गया है. सूचना के उपरांत बीडी रणपाल स्थित वार्ड संख्या एक के रजनी यादव पिता स्वर्गीय लक्ष्मण यादव के घर पहुंचे तो पुलिस वाहन को देखते ही वह तेजी से भागने लगा. संदेह होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया. पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. इसके बाद पुलिस ने विधिसम्मत तरीके से उसकी घर की तलाशी ली. जहां तलाशी के दौरान उसके घर में रखे ट्रांक से अलग-अलग पुड़िया रखा हुआ गांजा बरामद किया गया. बरामद सामग्री दो पैकेट में थी. जहां दोनों मिलकर कुल वजन करीब दो किलो 54 ग्राम हुआ. इसके अलावा आरोपी के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया, जिससे यह संकेत मिलता है कि वह गांजा की तौल कर बिक्री करता था. पुलिस ने मौके पर ही मजिस्ट्रेड सह प्रखंड विकास पदाधिकारी गुलज़ारी कुमार पंडित की उपस्थिति में जब्ती सूची तैयार कर गवाहों की उपस्थिति में सभी सामान को जब्त कर लिया. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रजनी यादव 35 वर्ष पिता स्व. लक्ष्मण यादव निवासी वार्ड संख्या 1 बीडी रणपाल थाना उदाकिशुनगंज के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उदाकिशुनगंज थाना कांड संख्या 106/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21(b) के तहत मामला दर्ज किया है. थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है तथा मामले की जांच एक पुलिस पदाधिकारी को सौंप दी गई है. पुलिस इस मामले में यह भी जांच कर रही है कि बरामद गांजा कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं. इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >