मधेपुरा में पंचायत स्तर पर ‘सहयोग शिविर’ की नई पहल, हर महीने दो बार होगा जन समस्याओं का त्वरित समाधान

बिहार के मुख्य सचिव के निर्देश के आलोक में अब जिले के सभी पंचायतों में प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को “सहयोग शिविर” का नियमित आयोजन किया जाएगा.

मधेपुरा से राजकुमार की रिपोर्ट:

मधेपुरा में आम नागरिकों की जन शिकायतों के सरल, सुलभ और त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है. बिहार के मुख्य सचिव के निर्देश के आलोक में अब जिले के सभी पंचायतों में प्रत्येक माह के प्रथम और तृतीय मंगलवार को “सहयोग शिविर” का नियमित आयोजन किया जाएगा.

इसी क्रम में मई माह के तृतीय मंगलवार 19 मई को मधेपुरा जिले के विभिन्न प्रखंडों की कई पंचायतों में शिविर का आयोजन किया जाएगा. इनमें मधेपुरा प्रखंड की भदौल बुधमा और सकरपुरा बैतोना, आलमनगर की रतवारा और इटहरी, मुरलीगंज की पड़वा नवटोल और जोरगामा, सिंहेश्वर की कमरगामा और सुखासन, कुमारखंड की पुरैनी और परमानंदपुर, गम्हरिया की गमहरिया, घैलाढ़ की झिटकिया, शंकरपुर की सोनवर्षा और जिरवा मधैली, उदाकिशुनगंज की शाहजादपुर और गोपालपुर, चौसा की घोषई और रसलपुर धूरिया, ग्वालपाड़ा की शाहपुर और पीरनगर, बिहारीगंज की लक्ष्मीपुर लालचंद और पड़रिया तथा पुरैनी की नरदह और कुरसंडी पंचायत शामिल हैं.

इस शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को उनके ही पंचायत स्तर पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि नागरिकों को बार-बार प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े.

शिविर की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, अपर समाहर्ता एवं अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी करेंगे. साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता एवं संबंधित विभागीय अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहकर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करेंगे.

“सहयोग शिविर” का आयोजन पंचायत सरकार भवन या उसके निकट किसी उपयुक्त सार्वजनिक स्थल पर किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. इसमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, जन वितरण प्रणाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और जलापूर्ति सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का निवारण किया जाएगा.

जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी पहल का लाभ उठाएं और अपने संबंधित पंचायत में आयोजित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं. यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद, पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >