मधेपुरा में घर लौट रहे युवक को ऑटो ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

Madhepura road accident: मृतक की पहचान राजपुर वार्ड संख्या-12 निवासी जयप्रकाश कुमार के रूप में हुई है. वह सचेन यादव के पुत्र थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार जयप्रकाश कुमार बाइक से राजपुर चौक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मधेपुरा से मुरलीगंज की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था मृतक, पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

मधेपुरा से प्रतिनिधि की रिपोर्ट:

Madhepura road accident: जिले के राजपुर क्षेत्र में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

मृतक की पहचान राजपुर वार्ड संख्या-12 निवासी जयप्रकाश कुमार के रूप में हुई है. वह सचेन यादव के पुत्र थे. प्राप्त जानकारी के अनुसार जयप्रकाश कुमार बाइक से राजपुर चौक से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान मधेपुरा से मुरलीगंज की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि जयप्रकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

मृतक के चचेरे भाई शिवशंकर ने बताया कि जयप्रकाश कुमार एक साधारण परिवार से थे और राजपुर में किराना दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी. परिवार में पत्नी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री हैं.

परिजनों के अनुसार जयप्रकाश अपने दो भाइयों में बड़े थे. उनके छोटे भाई भी परिवार के साथ रहते हैं. उनके पिता सचेन यादव भी पहले से दुकानदारी का कार्य करते रहे हैं. जयप्रकाश की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार अज्ञात ऑटो चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.

इधर, हादसे के बाद राजपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >