मधेपुरा में ट्रैक्टर की टक्कर से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत

Madhepura road accident: जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-13 निवासी 70 वर्षीय अनंत यादव सोमवार की शाम केवटगामा चौक से पैदल अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान ईंट-भट्ठे से निकलकर कुमारखंड की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

कुमारखंड (मधेपुरा) से प्रतिनिधि की रिपोर्ट:

Madhepura road accident: कुमारखंड थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर चंडीस्थान पंचायत अंतर्गत मीरगंज-जदिया एसएच-91 पर हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-13 निवासी 70 वर्षीय अनंत यादव सोमवार की शाम केवटगामा चौक से पैदल अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान ईंट-भट्ठे से निकलकर कुमारखंड की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था. टक्कर लगते ही वृद्ध सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया.

स्थानीय ग्रामीणों ने घायल वृद्ध को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया. बाद में उनका इलाज पीएमसीएच पटना में चल रहा था, जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलने पर कुमारखंड थानाध्यक्ष रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल की स्थिति की जानकारी ली और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की.

ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर कुमारखंड निवासी एक व्यक्ति का बताया जा रहा है. हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

मृत्यु की खबर गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एसएच-91 पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, नियमित जांच अभियान चलाने और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >