Madhepura News: मधेपुरा कॉलेज में बुधवार को हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. 17 बिहार बटालियन NCC और मधेपुरा कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में NCC कैडेट्स और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. बिंदेश्वरी सभागार से शुरू हुई यह यात्रा पश्चिमी बायपास और कॉलेज चौक होते हुए भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय (BNMU) परिसर तक पहुंची. पूरे मार्ग में "वंदे मातरम", "भारत माता की जय" और "झंडा ऊंचा रहे हमारा" जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा.
कुलपति और प्रधानाचार्य ने दिखाई तिरंगा यात्रा को हरी झंडी
तिरंगा यात्रा को श्रीकृष्ण विश्वविद्यालय के कुलपति सह मधेपुरा कॉलेज के संस्थापक प्रधानाचार्य डॉ. अशोक कुमार, कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. पूनम यादव और NCC पदाधिकारी मेजर डॉ. गौतम कुमार ने संयुक्त रूप से तिरंगा झंडा दिखाकर रवाना किया.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और NCC कैडेट्स उपस्थित रहे. विशेष रूप से छात्रा कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी इस यात्रा का प्रमुख आकर्षण रही.
"तिरंगा देश के संघर्ष, त्याग और उपलब्धियों का प्रतीक है"
यात्रा को संबोधित करते हुए डॉ. अशोक कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य भारतीय नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है.
उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारे संघर्ष, त्याग, बलिदान और उपलब्धियों का साक्षी है. यह देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का विषय है.
तिरंगे के रंगों का बताया महत्व
डॉ. अशोक कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रत्येक रंग और प्रतीक का महत्व भी समझाया.
उन्होंने कहा कि केसरिया रंग शक्ति और साहस का प्रतीक है, सफेद रंग शांति और सत्य का, जबकि हरा रंग उर्वरता, विकास और भूमि की पवित्रता का प्रतिनिधित्व करता है. ध्वज के मध्य स्थित अशोक चक्र धर्म और कानून का प्रतीक है, जिसकी 24 तीलियां निरंतर प्रगति और गतिशीलता का संदेश देती हैं.
"युवाओं में राष्ट्रीयता की भावना मजबूत करती है तिरंगा यात्रा"
कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. पूनम यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम और आजाद भारत की विकास यात्रा से परिचित कराया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रीयता और देशभक्ति की भावना का संचार करते हैं और उन्हें राष्ट्रनिर्माण के लिए प्रेरित करते हैं.
"तिरंगा अभियान अब जन आंदोलन बन चुका है"
NCC पदाधिकारी मेजर डॉ. गौतम कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है.
उन्होंने कहा कि यह अभियान देश को एकता के सूत्र में बांधने और युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और समर्पण से प्रेरणा लेने का अवसर देता है. युवाओं को विकसित और श्रेष्ठ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए.
Madhepura News: बड़ी संख्या में NCC कैडेट्स और छात्र-छात्राओं की भागीदारी
तिरंगा यात्रा में विकास कुमार, भवेश, अंशु, सुनैना, मौसम, प्रीति यादव, अभिषेक, सपना, शिवम, राहुल, संजय, अंकेश, अन्नू, सिम्पल, अमित रहमत, अमरजीत, आशु, इरविन और मनु सहित दर्जनों NCC कैडेट्स एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
मधेपुरा कॉलेज से BNMU परिसर तक निकली इस तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे शहर में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाया.
