मधेपुरा में शिक्षकों और अधिकारियों को अग्नि सुरक्षा का दिया गया प्रशिक्षण, बचाव के उपायों से कराया अवगत

Madhepura news: कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आग लगने के कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया. साथ ही अग्नि सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया.

उदाकिशुनगंज से कौनैन बशीर की रिपोर्ट:

Madhepura news: आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और आपदा के समय त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई को लेकर उदाकिशुनगंज अनुमंडल अग्निशमन कार्यालय की ओर से सोमवार को ग्वालपाड़ा स्थित बीआरसी भवन में अग्नि सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रखंड के शिक्षकों, शिक्षा विभाग के कर्मियों तथा अंचल कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा एवं बचाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं.

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आग लगने के कारणों, उससे बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया. साथ ही अग्नि सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित कर लोगों को जागरूक किया गया.

अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी हरेन्द्र राय ने कहा कि अधिकांश आगजनी की घटनाएं मानवीय लापरवाही के कारण होती हैं. यदि लोग सुरक्षा मानकों का पालन करें और समय रहते सतर्कता बरतें तो बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है. उन्होंने घरों, विद्यालयों, कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत उपकरणों तथा ज्वलनशील पदार्थों के उपयोग में विशेष सावधानी बरतने की अपील की.

उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में शॉर्ट सर्किट, गैस रिसाव और सूखी घास अथवा फसलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देनी चाहिए और सुरक्षित तरीके से आग पर नियंत्रण का प्रयास करना चाहिए.

कार्यक्रम में मौजूद सब ऑफिसर सोनू कुमार ने अग्नि सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में संयम बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है. उन्होंने अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और दुर्घटना के समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी दी.

इस दौरान अग्निक रणधीर कुमार, अग्निक अम्भा कुमारी और अग्निक खुशबू कुमारी ने भी प्रतिभागियों को अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारियां दीं तथा जागरूकता पंपलेट का वितरण किया.

कार्यक्रम में शामिल शिक्षकों और अधिकारियों ने अग्निशमन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी बताया. अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य आम लोगों को आग से बचाव के प्रति सजग बनाना तथा आपदा की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम करना है.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा विभाग के कर्मी एवं अंचल कार्यालय के अधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >