Madhepura Marathon 2026: मधेपुरा के संत अवध कीर्ति खेल मैदान में रविवार को युवाओं की दौड़ सिर्फ प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रही. यहां खेल के साथ छात्रों के अधिकार और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों की आवाज भी उठी. कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज अभियान-2026’ के तहत आयोजित मैराथन दौड़ का पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ.
समारोह में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को ट्रॉफी, साइकिल, किट बैग और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम में मधेपुरा के अलावा सहरसा, सुपौल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया.
12 किलोमीटर दौड़ में सोनू राज ने मारी बाजी
पुरुष वर्ग की 12 किलोमीटर मैराथन मठाही रेलवे ढाला से शुरू हुई. दौड़ पूरी करने के बाद प्रतिभागी संत अवध कीर्ति खेल मैदान पहुंचे.
प्रतियोगिता में सोनू राज ने पहला स्थान हासिल किया. नंदकिशोर कुमार दूसरे और अंगद कुमार तीसरे स्थान पर रहे.
विजेताओं को पुरस्कार के साथ प्रोत्साहन राशि भी दी गयी. प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सोनू राज को साइकिल, किट बैग और 31 हजार रुपये का चेक दिया गया. द्वितीय विजेता को साइकिल, किट बैग और 21 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को साइकिल, किट बैग और 15 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया.
महिला मैराथन में सनुपम कुमारी प्रथम
महिला प्रतिभागियों के लिए छह किलोमीटर की मैराथन आयोजित की गयी. इसमें सनुपम कुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अनोखा कुमारी दूसरे और निधि कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं.
अन्य प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी ट्रैकसूट और बैग देकर सम्मानित किया गया. पुरस्कार मिलने के बाद युवा प्रतिभागियों में उत्साह देखने को मिला.
‘कोसी के छात्र हैं भविष्य’
पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा कि मधेपुरा, सहरसा और सुपौल के छात्र कोसी क्षेत्र का भविष्य हैं. उनकी आवाज दिल्ली तक पहुंचनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी. बीपीएससी और एसएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात भी उन्होंने कही.
पप्पू यादव ने युवाओं को खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार का माध्यम नहीं है. इससे युवाओं में अनुशासन, एकता और संघर्ष की भावना विकसित होती है.
मैराथन में दिखा युवाओं का उत्साह
‘छात्रों की गूंज अभियान-2026’ के तहत आयोजित इस मैराथन में मधेपुरा, सहरसा, सुपौल और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे.
सुबह से ही प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में उत्साह रहा. दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और मेहनत का प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता के बाद पुरस्कार वितरण ने आयोजन को यादगार बना दिया.
आयोजन में कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष मृणाल यादव समेत कई नेता, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे.
Madhepura Marathon 2026: खेल के मंच से छात्रों के मुद्दों पर जोर
इस आयोजन ने खेल और छात्र राजनीति के मुद्दों को एक मंच पर लाने की कोशिश की. एक ओर युवाओं ने मैराथन में अपनी प्रतिभा दिखाई, वहीं कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता दी गयी.
ऐसे आयोजनों के जरिए युवाओं को खेल के साथ सामाजिक और शैक्षणिक मुद्दों से जोड़ने की कोशिश आने वाले दिनों में भी जारी रहने का संदेश दिया गया.
Also Read: बाढ़ के खतरे को लेकर पटना से भागलपुर तक प्रशासन हाई अलर्ट, गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई टेंशन
Also Read: बिहार में देर रात 23 IAS अफसरों का तबादला, इन जिलों के DDC, SDO और नगर आयुक्त बदले गए
