गम्हरिया (मधेपुरा) डिक्सन राज की रिपोर्ट
Madhepura News: मधेपुरा जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. बहुभोज का निमंत्रण देने जा रहे दो चचेरे भाइयों की मोटरसाइकिल को बैजनाथपुर सड़क पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी. हादसे में 18 वर्षीय अभिषेक कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह जुलाई को शादी करने वाले दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है.
बैजनाथपुर सड़क पर हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के अनुसार गम्हरिया थाना क्षेत्र के भेलवा पंचायत निवासी अभिषेक कुमार और उनके चचेरे भाई दीपक कुमार मोटरसाइकिल से गम्हरिया की ओर बहुभोज का निमंत्रण देने जा रहे थे. इसी दौरान बैजनाथपुर सड़क पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि अभिषेक कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
शादी के दो दिन बाद हुआ हादसा
घायल दीपक कुमार की शादी छह जुलाई को रामपुर श्यामनगर में हुई थी. बुधवार को उनके घर पर बहुभोज की तैयारियां चल रही थीं. इसी बीच निमंत्रण देने निकले दोनों भाइयों के साथ यह हादसा हो गया. देखते ही देखते शादी का उत्सव मातम में बदल गया और पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई.
वहीं मृतक अभिषेक कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था. वह भागलपुर में रहकर इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहा था और चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए एक जुलाई को घर आया था.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
Madhepura News: ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और जिला प्रशासन को मौके पर बुलाने की मांग की.
सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी शायक आलम और अंचल अधिकारी स्नेहा सागर घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाया तथा सरकारी सहायता और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया.
पुलिस ने शुरू की जांच
गम्हरिया थानाध्यक्ष राघव शरण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया.
घायल दीपक कुमार को पहले गम्हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा रेफर कर दिया गया.
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी, प्रभावित परिवार को उचित सहायता और सड़क पर प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. पुलिस का कहना है कि फरार वाहन की पहचान के लिए जांच जारी है और उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
