मधेपुरा में छात्रों का उग्र प्रदर्शन, समाहरणालय घेराव से पहले पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन प्रदर्शनकारियों को किया डिटेन

Madhapura Bihar Bandh News: मधेपुरा में छात्र संगठनों ने बिहार बंद के आह्वान पर जोरदार प्रदर्शन किया. दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में समाहरणालय का घेराव करने जा रहे छात्रों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया.

Madhapura Bihar Bandh News: मधेपुरा, बिहार बंद के आह्वान का असर शनिवार को मधेपुरा में भी देखने को मिला, जहां विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए. प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. हालांकि समाहरणालय घेराव की कोशिश पुलिस ने कॉलेज चौक पर ही रोक दी और करीब डेढ़ दर्जन छात्र नेताओं व प्रदर्शनकारियों को डिटेन कर सदर थाना ले जाया गया.

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कुछ देर तक तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी के कारण हालात नियंत्रण में रहे. प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है.

टीपी कॉलेज से निकला जुलूस, समाहरणालय तक पहुंचने से पहले रोका गया

शनिवार सुबह विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ता और छात्र टीपी कॉलेज के समीप एकत्र हुए. यहां से उन्होंने जुलूस निकालते हुए समाहरणालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने की योजना बनाई थी.

जुलूस जैसे ही कॉलेज चौक पहुंचा, वहां पहले से तैनात पुलिस बल ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को आगे बढ़ने से रोक दिया. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया.

पुलिस ने करीब डेढ़ दर्जन छात्रों को किया डिटेन

स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ दर्जन छात्र नेताओं और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर सदर थाना पहुंचाया. इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई.

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेंद्र भारती स्वयं कैंप कर स्थिति की निगरानी करते रहे. वहीं सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद सिंह, बेलारी थानाध्यक्ष स्नेहा कुमारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान तैनात रहे.

छात्रों ने उठाई ये प्रमुख मांगें

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लगा दिया है.

छात्र नेताओं ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग भी दोहराई. उनका आरोप था कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है और सरकार को इस पर जवाबदेही तय करनी चाहिए.

Madhapura Bihar Bandh News: पुलिस की सतर्कता से नहीं हो सका समाहरणालय घेराव

प्रशासन ने पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर रखी थी. कॉलेज चौक पर बैरिकेडिंग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के कारण प्रदर्शनकारी समाहरणालय तक नहीं पहुंच सके. पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली, जिससे किसी बड़ी अप्रिय घटना की नौबत नहीं आई.

फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है. शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

Also Read: हिरासत में लिए गए माले विधायक संदीप सौरभ, 25 जुलाई को बिहार बंद से पहले एक्शन में पुलिस

Also Read: पटना से दिल्ली सिर्फ साढ़े 9 घंटे में, जल्द मिलेगी स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात, देखें पूरी डिटेल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >