कुमारखंड, मधेपुरा.
पूर्णिया लोकसभा सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने कहा है कि कोसी-सीमांचल क्षेत्र के विकास के लिए लंबे समय से लंबित कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है. रविवार को कुमारखंड प्रखंड के आदर्श ग्राम खुर्दा स्थित अपने पैतृक आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने क्षेत्र को मिली नई रेल सौगातों की जानकारी दी.रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की मिल गई है स्वीकृति
सांसद ने बताया कि गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक छह रेल लाइनों तथा खगड़िया से पूर्णिया तक चार रेल लाइनों के सर्वेक्षण का कार्य शुरू हो चुका है. इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की स्वीकृति भी मिल गई है, जिससे लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि बिहारीगंज, जलालगढ़, भीमपुर एवं जदिया समेत कई क्षेत्रों को नई रेलवे लाइनों से जोड़ने की योजना को मंजूरी मिल चुकी है. साथ ही पटना से पूर्णिया, मधेपुरा एवं मुरलीगंज के लिए रात्रिकालीन ट्रेन सेवा की भी स्वीकृति प्रदान की गई है. शिक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि खान सर और रोशन सर जैसे शिक्षक बिहार का सम्मान है. उन्होंने नीट पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुये शिक्षा माफिया एवं भ्रष्ट व्यवस्था पर निशाना साधा.
उनका आरोप था कि कुछ लोग बिहार के शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने छात्रों से अपने शिक्षकों के सम्मान और समर्थन की अपील की. इस अवसर पर सांसद ने जनता दर्शन कार्यक्रम के तहत पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों के समाधान का आश्वासन दिया. जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई. उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया.