Kanya Utthan Yojana 2026: मधेपुरा से कुमार आशीष की रिपोर्ट. भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय ने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना (स्नातक) के तहत छात्राओं का डाटा मेधाशॉफ्ट पोर्टल पर अपलोड कर दिया है. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 15 मई 2026 तक कुल 14,935 छात्राओं का डाटा सफलतापूर्वक अपलोड किया जा चुका है. अब छात्राएं मेधाशॉफ्ट पोर्टल और विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपना नाम और विवरण जांच सकती हैं.
754 छात्राओं का डाटा नहीं हो सका अपलोड
विश्वविद्यालय नोडल कार्यालय के सहायक शुभम राज ने बताया कि दिसंबर 2025 तक स्नातक उत्तीर्ण 15,686 छात्राओं में से 14,935 का डाटा अपलोड किया गया है. वहीं 754 छात्राओं का डाटा अभी पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाया है. इसका मुख्य कारण यूएमआईएस में आधार नंबर अपडेट नहीं होना बताया गया है.
आधार अपडेट नहीं होने से अटकी प्रक्रिया
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा है कि जिन छात्राओं का आधार नंबर यूएमआईएस पोर्टल पर दर्ज नहीं है, वे जल्द अपना आधार अपडेट करवा लें. आधार अपडेट होने के बाद ही उनका डाटा मेधाशॉफ्ट पोर्टल पर अपलोड किया जा सकेगा और उन्हें योजना का लाभ मिल पाएगा.
तकनीकी त्रुटियों से भी फंसे कई आवेदन
प्रशासन के अनुसार पिछले सत्र की कई छात्राएं आधार संख्या, जेंडर, जन्मतिथि और अन्य तकनीकी त्रुटियों के कारण अब तक योजना का लाभ नहीं ले पायी हैं. ऐसी छात्राओं को विश्वविद्यालय के नोडल कार्यालय से संपर्क कर समस्या का समाधान कराने की सलाह दी गयी है.
छात्राओं को मिलती है 50 हजार की प्रोत्साहन राशि
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है. इस योजना का उद्देश्य बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है.
छात्राओं से पोर्टल जांचने की अपील
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्राओं से अपील की है कि वे मेधाशॉफ्ट पोर्टल पर अपना विवरण अवश्य जांच लें और किसी प्रकार की त्रुटि मिलने पर समय रहते सुधार करवा लें, ताकि योजना की राशि मिलने में कोई परेशानी न हो.
Also Read: आज पूरे बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी, जानिए कब तक मॉनसून की होगी एंट्री
