शिव मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकली कलश शोभायात्रा
ग्वालपाड़ा. प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रेशना पंचायत वार्ड-पांच में नवनिर्मित शिव मंदिर में शिवलिंग स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा को लेकर शनिवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गयी. इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र की 151 कन्याओं और महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया.
सुरसर नदी से भरा गया पवित्र जल
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर सुरसर नदी के तट पर पहुंची. वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद 151 कलशों में पवित्र जल भरा गया. इसके पश्चात सिर पर कलश लिये श्रद्धालु महिलाएं गाजे-बाजे के साथ वापस मंदिर प्रांगण पहुंची, जिससे पूरा इलाका भक्तिमय हो गया.
24 घंटे का अष्टयाम और मंदिर निर्माण
ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर निर्माण का कार्य स्थानीय लोगों के सहयोग से संपन्न कराया गया है. मूर्ति स्थापना के अवसर पर 24 घंटे का अखंड अष्टयाम संकीर्तन भी शुरू हो गया. इसमें ग्रामीण बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में रेशना पंचायत के वार्ड-पांच के ग्रामीण एवं आयोजन समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा. मौके पर चंदेसरी मंडल, पंकज मंडल, संजीत यादव, दीपक मंडल, बिजेंद्र दास, पप्पू मंडल, विजय दास, पवन दास और रमेश दास आदि मौजूद थे.
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.