कुमारखंड (मधेपुरा) . थाना क्षेत्र के इसराईन कला नहर के सामने शनिवार शाम करीब चार बजे मधुबनी से चकमका जाने वाली मुख्य सड़क पर दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए सीएचसी कुमारखंड में भर्ती कराया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल मधेपुरा रेफर कर दिया.बताया गया कि इसराईन कला नहर के सामने दो बाइक की टक्कर में एक बाइक चालक और पीछे बैठे उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए.
सुपौल जिले के जदिया थानाक्षेत्र के रहने वाले हैं घायल
घायलों की पहचान सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र के मोहरमपुर बघेली निवासी रविन्द्र शर्मा और उनके पिता शिव नारायण शर्मा के रूप में हुई है. रविन्द्र शर्मा अपने पिता को बाइक पर बैठाकर बिनामाग्राम जा रहे थे. जैसे ही वे नहर के सामने पहुंचे, सामने से आ रही अनियंत्रित बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी.दूसरे बाइक चालक की पहचान पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र के पिपरा पंचायत के बेला वार्ड 13 निवासी छोटू ऋषिदेव के रूप में हुई है. स्थानीय ग्रामीणों ने उसे पकड़कर कुमारखंड पुलिस के हवाले कर दिया.
