चकला चौक पर भीषण सड़क हादसा, बाइक-ट्रैक्टर की टक्कर में युवक गंभीर घायल, पैर टूटा

112 आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची एवं तत्परता दिखाते हुये घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल मधेपुरा पहुंचाया,

मधेपुरा.

जिले के मठाही पुलिस शिविर क्षेत्र अंतर्गत चकला चौक पर बुधवार की रात करीब नौ बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बाइक एवं ट्रैक्टर की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी और लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. घायल युवक की पहचान भर्राही थाना क्षेत्र के मानिकपुर स्थित अर्राहा गांव निवासी मो अलाउद्दीन के पुत्र मो नूरशाद के रूप में हुई है. दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि युवक के पैर में गंभीर चोट आयी एवं पैर फ्रैक्चर हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही मठाही पुलिस शिविर की 112 आपातकालीन टीम मौके पर पहुंची एवं तत्परता दिखाते हुये घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल मधेपुरा पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर उपचार मिल सका. 112 टीम में पुलिस पदाधिकारी देवेंद्र ठाकुर, सुभाष कुमार और संदीप कुमार मौजूद थे.

टीम ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया एवं घायल को सुरक्षित अस्पताल भिजवाया. मठाही पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी ने घटना की पुष्टि करते हुये बताया कि घायल युवक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. रात के अंधेरे में हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि चकला चौक पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से हादसों का खतरा बना रहता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar ashish

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >