मधेपुरा. समाहरणालय परिसर स्थित सूचना भवन में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में जिला आपूर्ति पदाधिकारी एवं जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से जिले में एलपीजी गैस की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था एवं पीएनजी गैस कनेक्शन की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी. प्रेस वार्ता में बताया गया कि जिले में लगभग चार लाख उपभोक्ता हैं तथा वर्तमान में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया गया कि गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है, अतः घबराने की आवश्यकता नहीं है. साथ ही अपील की गई कि उपभोक्ता अनावश्यक रूप से सिलेंडर का संग्रह न करें और आवश्यकता अनुसार ही गैस प्राप्त करें. जिले में इंडियन ऑयल, एचपीसीएल एवं बीपीसीएल की कुल 40 गैस एजेंसियों (आईओसीएल-18, एचपीसीएल-15 एवं बीपीसीएल-7) के माध्यम से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. इस माह प्रतिदिन औसतन लगभग 4,737 सिलेंडरों की खपत हो रही है. दिनांक 10 अप्रैल 2026 को जिले में 12,897 भरे हुए घरेलू सिलेंडर उपलब्ध हैं, जबकि 09 अप्रैल को 5,339 सिलेंडरों की बिक्री दर्ज की गई. वर्तमान में वितरकों द्वारा 8,574 सिलेंडरों की मांग की गई है तथा 234 वाणिज्यिक सिलेंडर भी उपलब्ध हैं. अधिकारियों ने बताया कि सभी गैस एजेंसियों द्वारा होम डिलीवरी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा रही है. यदि किसी उपभोक्ता को दो-तीन दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं होती है, तो वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06476-222220 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं. प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि गैस की आपूर्ति सीधे उपभोक्ताओं के घर तक समयबद्ध ढंग से पहुंचे.
होम डिलीवरी सुदृढ़, पीएनजी कनेक्शन विस्तार एवं बैकलॉग समाप्ति को प्रशासन प्रतिबद्ध
चार लाख उपभोक्ता हैं तथा वर्तमान में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है.
