अतिथि गृह के पास कचरे का अंबार, बदबू और आवारा पशुओं से स्थानीय लोग परेशान, शहर की छवि पर सवाल

Garbage Dump : मधेपुरा के अतिथि गृह के मुख्य द्वार के पास खुलेआम कचरा डंपिंग से स्थानीय लोग नाराज हैं. सड़े-गले कचरे की बदबू और आवारा पशुओं के जमावड़े ने वीआईपी मार्ग को दूषित कर दिया है, जिससे शहर की छवि धूमिल हो रही है. पार्क के पास संक्रमण का खतरा भी मंडरा रहा है.

Garbage Dump : शहर के अतिथि गृह के मुख्य द्वार से महज एक से दो किलोमीटर की दूरी पर पुल के किनारे खुलेआम कचरा डंप किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. सड़े-गले कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो गया है. सुबह और शाम के समय यहां सुअर, गाय और आवारा कुत्तों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

वीआईपी मार्ग पर गंदगी, शहर की छवि हो रही धूमिल

स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिथि गृह में अक्सर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बाहर से आने वाले अतिथि ठहरते हैं. उन्हें इसी गंदगी और बदबू के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे शहर की साफ-सुथरी छवि पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि स्वच्छता के दावों के बावजूद महत्वपूर्ण स्थान के समीप ऐसी स्थिति चिंता का विषय है.

पार्क के पास बढ़ा संक्रमण का खतरा

कचरा डंपिंग स्थल के ठीक बगल में बच्चों और बुजुर्गों के लिए दो सार्वजनिक पार्क हैं, जहां प्रतिदिन सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने और खेलने पहुंचते हैं. दुर्गंध और कचरे के कारण पार्क आने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि लंबे समय तक गंदगी रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है.

नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप

मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की कचरा उठाने वाली गाड़ी कई-कई दिनों तक नहीं आती. कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया. इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है.

स्थानीय लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग

स्थानीय निवासी सोनू ने कहा, "अतिथि गृह में वीआईपी आते-जाते हैं. गेट के सामने ही यह नजारा शर्मनाक है. बच्चे इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं और बदबू से उनका बुरा हाल रहता है."

स्थानीय निवासी पप्पू ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत शहर को साफ रखने के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन अतिथि गृह जैसी महत्वपूर्ण जगह के पास फैली गंदगी उन दावों की पोल खोल रही है.

वहीं मन्नू ने नगर परिषद से तत्काल कचरा उठाव सुनिश्चित करने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने, स्थल पर 'कचरा न फेंकें' का बोर्ड लगाने और नियमित सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो यह समस्या स्वास्थ्य और शहर की प्रतिष्ठा, दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aman Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >