श्राद्ध भोज में गैंगवार से दहला इलाका, कई राउंड की फायरिंग में एक की मौत, युवक और गाय घायल

Madhepura Crime News : मधुपुरा जिले के सिंहेश्वर में एक श्राद्ध भोज के दौरान दो आपराधिक गुटों में खूनी संघर्ष हो गया. ताबड़तोड़ फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है.

Madhepura Crime News : जिले के सिंहेश्वर-शंकरपुर सीमा स्थित बेहरारी पंचायत के वार्ड संख्या 2 में आयोजित श्राद्ध भोज उस समय रणक्षेत्र में बदल गया, जब दो आपराधिक गुट आमने-सामने आ गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से भोज में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे.

गोलीबारी में एक की मौत, युवक गंभीर

घटना में बेहरारी वार्ड संख्या 2 निवासी मोहन यादव के 45 वर्षीय पुत्र रामू यादव की गोली लगने से मौत हो गई. वहीं सहदेव यादव का 25 वर्षीय पुत्र राजकुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गया. गोलीबारी की चपेट में आने से पास में बंधी एक गाय भी घायल हो गई.

वर्चस्व की लड़ाई को बताया जा रहा कारण

स्थानीय जानकारी के अनुसार कबीयाही निवासी संदीप यादव पहलवान और विवेक यादव के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है. बताया जा रहा है कि संदीप यादव अपने साथियों के साथ श्राद्ध भोज में शामिल होने पहुंचा था. इसी दौरान विरोधी गुट भी वहां पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच हिंसक टकराव हो गया. हालांकि, इस कथित कारण की आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने नहीं की है.

कई राउंड फायरिंग, पुलिस ने बरामद किए खोखे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के दौरान कई राउंड गोलियां चलाई गईं. सूचना मिलने पर सिंहेश्वर, शंकरपुर सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से कई कारतूस के खोखे बरामद किए. घायल राजकुमार यादव का इलाज जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है.

आरोपियों की तलाश में छापेमारी, इलाके में पुलिस तैनात

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे.

कहते हैं थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष सिंहेश्वर विनोद कुमार सिंह ने कहा, "घटनास्थल से 16 गोलियों के खोखे, एक जिंदा गोली तथा एक रायफल का बोल्ट बरामद किया गया है. घायल राजकुमार की माता गीता देवी के आवेदन पर छह नामजद एवं सात से आठ अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं."


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >