मधेपुरा में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, कार में छिपे थे 2 कट्टे और 25 गोलियां, पांच आरोपित गिरफ्तार

Chausa Police Action : चौसा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जो किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। इनके पास से देसी कट्टे, जिंदा कारतूस, नकदी और एक कार बरामद हुई है।

Chausa Police Action : उदाकिशुनगंज अनुमंडल के चौसा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कथित आपराधिक षड्यंत्र और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टे और 25 जिंदा कारतूस बरामद किये हैं. इसके अलावा 14 हजार रुपये नकद, छह मोबाइल फोन और हथियार छिपाने में इस्तेमाल की गयी रेनॉल्ट ट्राइबर कार भी जब्त की गयी है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं.

अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रभारी एसडीपीओ आशीष राज ने बताया कि 9 अगस्त की शाम करीब 7:15 बजे समकालीन अभियान के दौरान चौसा थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक नवगछिया की ओर से उजले रंग की रेनॉल्ट ट्राइबर कार से चौसा की तरफ आ रहे हैं. सूचना थी कि उनके पास हथियार और गोली है और वे किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं.

बाबा विशु कॉलेज के पास पुलिस ने शुरू की वाहन जांच

गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने बाबा विशु कॉलेज के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान तेज गति से भटगामा की ओर जा रही संदिग्ध रेनॉल्ट ट्राइबर कार को पुलिस ने रोक लिया. कार में पांच लोग सवार थे.

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम रवि सिंह, सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह, मनीष कुमार उर्फ विनोद कुमार गुप्ता, कुमार मनीष और पंकज मुनि बताया. तलाशी के दौरान पंकज मुनि के पास से 14 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन मिले. रवि सिंह के पास से एक पुराना मोबाइल तथा सन्नी कुमार के पास से ओपो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया.

इसके बाद पुलिस ने वाहन की गहन तलाशी शुरू की.

एलईडी डिस्प्ले बोर्ड के अंदर छिपे थे हथियार

पुलिस के अनुसार कार की तलाशी के दौरान स्टेयरिंग के बायीं तरफ डैशबोर्ड पर लगे एलईडी डिस्प्ले बोर्ड को हटाकर जांच की गयी. इसके अंदर कपड़े में लपेटकर दो देसी कट्टे और 25 जिंदा कारतूस छिपाकर रखे गये थे.

हथियार और कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने नकदी, मोबाइल फोन और रेनॉल्ट ट्राइबर कार को भी जब्त कर लिया. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हथियार कहां से लाये गये थे और इन्हें किस आपराधिक उद्देश्य से ले जाया जा रहा था.

मामले में चौसा थाना कांड संख्या 236/26, 9 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है. प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 310(4), 310(5), 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए/26/35 के तहत कार्रवाई की गयी है.

पांचों गिरफ्तार आरोपितों की पहचान

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में रवि सिंह, पिता शिव सिंह, हरनाथचक, वार्ड नंबर 28, गोपालपुर थाना, जिला भागलपुर; सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह, पिता शिव सिंह, हरनाथचक, वार्ड नंबर 28, गोपालपुर थाना, जिला भागलपुर; मनीष कुमार उर्फ विनोद कुमार गुप्ता, पिता विनोद कुमार गुप्ता, हरिओ थाना, बिहपुर, जिला भागलपुर; कुमार मनीष, पिता विनय कुमार, इंदिरा थाना, कुर्सेला, जिला कटिहार तथा पंकज मुनि, पिता स्व. वकील मुनि, चिरौरी थाना, चौसा, जिला मधेपुरा शामिल हैं.

कुछ आरोपितों का पहले से आपराधिक इतिहास

प्रभारी एसडीपीओ आशीष राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटायी जा रही है. पुलिस के अनुसार पंकज मुनि के खिलाफ चौसा थाना समेत अन्य थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं से संबंधित कई मामले दर्ज हैं.

रवि सिंह के विरुद्ध चौसा थाना कांड संख्या 59/22, पूर्णिया थाना कांड संख्या 09/22 और 65/25 समेत अन्य मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी. वहीं कुमार मनीष के खिलाफ चौसा थाना कांड संख्या 134/22 में मामला दर्ज होने की बात सामने आयी है. अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है.

हथियारों के स्रोत और मंसूबे की जांच

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और कारतूस कहां से लाये गये थे और आरोपितों का संभावित आपराधिक मंसूबा क्या था. इसके साथ ही इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.

कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान, पुलिस अवर निरीक्षक राजकिशोर कुमार, एसटीएफ की टीम तथा सशस्त्र बल और चौसा थाना के जवान शामिल रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकुमार

राजकुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. किशनगंज में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >