मई में सड़क जाम के बाद हुआ था समझौता, दो महीने बाद भी कमलपुर गांव में नहीं हटा अतिक्रमण

Madhepura News : कमलपुर गांव में ग्रामीण सड़क पर अतिक्रमण का विवाद एक बार फिर चर्चा में है. मई में हुए समझौते के बावजूद सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है.

Madhepura News : घैलाढ़ अंचल के श्रीनगर पंचायत अंतर्गत कमलपुर गांव में ग्रामीण सड़क पर अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद फिर चर्चा में है. मई माह में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए समझौते के बावजूद कथित अतिक्रमण नहीं हटने से सड़क निर्माण कार्य प्रभावित है. मामले में ग्रामीण ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

मई में सड़क जाम के बाद हुआ था समझौता

जानकारी के अनुसार कमलपुर के यादव टोला को श्रीनगर से जोड़ने वाली मुख्य ग्रामीण सड़क पर कथित अतिक्रमण को लेकर मई माह में दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया था. प्रशासन के हस्तक्षेप और जनप्रतिनिधियों की पहल के बाद जाम समाप्त कराया गया.

पंचनामा में आठ दिन में अतिक्रमण हटाने पर बनी थी सहमति

31 मई 2026 को दुर्गा स्थान परिसर, मंडल टोला, कमलपुर में मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, ग्रामीण बुद्धिजीवियों और अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बैठक हुई. बैठक में पंचनामा तैयार कर भूमि समायोजन, सड़क निर्माण और कथित अतिक्रमण हटाने पर सहमति बनी. समझौते के अनुसार रामदेव मंडल एवं श्यामलाल मंडल को आठ दिनों के भीतर अपने-अपने निर्माण हटाने का निर्णय लिया गया था.

दो महीने बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण

गांव निवासी शिवशंकर कुमार का आरोप है कि समझौते के दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कथित अतिक्रमण नहीं हटाया गया है. इसके कारण सड़क निर्माण कार्य बाधित है और ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

सीओ से कार्रवाई की मांग

आवेदक ने अंचलाधिकारी घैलाढ़ को आवेदन देकर मामले की जांच कराने, पंचनामा के निर्णय को लागू कराने और सड़क से कथित अवैध निर्माण हटाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विवाद और गहरा सकता है.

ग्रामीणों में बढ़ रही नाराजगी

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए समझौते का पालन नहीं होने से लोगों का भरोसा कमजोर पड़ रहा है. उनका कहना है कि सड़क निर्माण में हो रही देरी से आम लोगों की परेशानी बढ़ रही है. अब पूरे गांव की नजर अंचल प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >