गांव-गांव पहुंचेगा स्वास्थ्य का संदेश, मधेपुरा में डीएम ने रवाना किया जागरूकता रथ

मधेपुरा में गैर-संचारी रोगों (NCD) के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है. जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने जागरूकता रथ को रवाना किया, जो गांवों तक स्वास्थ्य संदेश पहुंचाएगा.

मधेपुरा : बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित गैर-संचारी रोग (NCD) अभियान के तहत बुधवार को समाहरणालय परिसर, मधेपुरा से जागरूकता रथ रवाना किया गया. जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों के लिए रवाना किया. रथ के माध्यम से लोगों को गैर-संचारी रोगों की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया जायेगा.

हाइपरटेंशन, मधुमेह और कैंसर से बचाव की दी जायेगी जानकारी

अभियान के दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर समेत अन्य गैर-संचारी रोगों के लक्षण, जोखिम कारक, बचाव और समय पर जांच के महत्व की जानकारी आम लोगों को दी जायेगी. लोगों को संतुलित और पौष्टिक आहार लेने, नियमित शारीरिक गतिविधि करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जायेगा. साथ ही तंबाकू और अन्य हानिकारक पदार्थों के सेवन से बचने का संदेश भी दिया जायेगा.

एक नजर में

अभियान की अवधि : 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक. मुख्य फोकस : उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर समेत NCD. जागरूकता का माध्यम : जागरूकता रथ और स्वास्थ्य गतिविधियां. पहुंच : प्रखंड, पंचायत और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र.

समय पर जांच से गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है

जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, नियमित स्वास्थ्य जांच और उचित उपचार से गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है. उन्होंने आमजन से अभियान का लाभ उठाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के लक्षण या स्वास्थ्य संबंधी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

पंचायत और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेगा स्वास्थ्य संदेश

2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता गतिविधियां संचालित की जायेंगी. जागरूकता रथ के माध्यम से खासकर पंचायतों और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाये जायेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वास्थ्य सेवाओं और जांच की सुविधा का लाभ उठा सकें.

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी और कर्मियों के अलावा अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >