दहेज हत्या बनाम अवैध संबंध की चर्चा से उलझा मामला, पुलिस हर पहलू पर कर रही जांच

दहेज प्रताड़ना एवं हत्या का मामला बताते हुये मुरलीगंज थाना में आवेदन दिया है.

मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दीनापट्टी सखुआ पंचायत के वार्ड संख्या 12 गोपाली टोला में एक वर्षीय बच्चे की संदिग्ध मौत और उसकी मां के गंभीर रूप से बीमार होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. घटना को लेकर अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. वहीं महिला का इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में जारी है और चिकित्सकों के अनुसार वह फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन बयान देने की स्थिति में नहीं है. घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, जिससे मामला और उलझ गया है. मृतक बच्चे के नानी ने इसे दहेज प्रताड़ना एवं हत्या का मामला बताते हुये मुरलीगंज थाना में आवेदन दिया है. नानी गुड्डी देवी ने अपने आवेदन में दामाद नीलसागर यादव समेत चार लोगों पर आरोप लगाया है कि दहेज की मांग को लेकर उनकी पुत्री स्वाति कुमारी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. इसी क्रम में जहर देकर घटना को अंजाम दिया गया, जिससे उनके एक वर्षीय नाती की मौत हो गई और स्वाति गंभीर रूप से बीमार हो गई. वहीं दूसरी ओर ससुर देवानंद यादव ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया है कि स्वाति पिछले कई महीनों से परिवार से अलग रह रही थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्वाति का अपने बहनोई से अवैध संबंध था और घटना वाली रात क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि सुबह जब स्वाति अचेत अवस्था में मिली, तब उसका बहनोई मौके पर पहुंचकर मोबाइल का डाटा डिलीट कर दिया और बच्चे को दफनाने की बात कही. पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. साथ ही एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है. थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि मामला पूरी तरह जांच का विषय है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से अनुसंधान किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि महिला के बयान के बाद ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो पाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >