Madhepura News: मुरलीगंज (मधेपुरा). उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मीरगंज में छात्र के साथ मारपीट के आरोप को लेकर विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष सह वार्ड सदस्य वीणा देवी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन दिया है. आवेदन में उन्होंने विद्यालय के शिक्षक सिराजूल उर्फ इकबाल पर अपने पुत्र आशीष कुमार, जो वर्ग आठ का छात्र है, के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है. मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
खेल-कूद के दौरान विवाद के बाद मारपीट का आरोप
वीणा देवी के आवेदन के अनुसार 8 अगस्त को विद्यालय में खेल-कूद के दौरान बच्चों के बीच विवाद हुआ था. आरोप है कि शिक्षक सिराजूल के पुत्र ने घटना की शिकायत अपने पिता से की. इसके बाद शिक्षक ने मामले की पूरी जानकारी प्रधानाध्यापक को देने के बजाय आशीष कुमार के साथ मारपीट की.
पहले भी मारपीट का लगाया आरोप
विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष ने आवेदन में आरोप लगाया है कि इससे पहले भी संबंधित शिक्षक ने उनके पुत्र के साथ मारपीट की थी. उस समय ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया था. उन्होंने इस मामले की भी जांच कराने की मांग की है.
विद्यालय में विवाद से पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप
वीणा देवी ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक स्थानीय हैं और उनका ससुराल विद्यालय के समीप है. उनका कहना है कि विद्यालय की व्यवस्था देखने जाने पर शिक्षक द्वारा उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया जाता है. किसी विवाद की स्थिति में शिक्षक के ससुराल पक्ष के लोगों के विद्यालय पहुंचने से हंगामे की स्थिति बनती है, जिससे विद्यालय में पठन-पाठन प्रभावित होता है.
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
विद्यालय शिक्षा समिति की अध्यक्ष ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.
जांच के बाद होगी कार्रवाई : डीईओ
Madhepura News: जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि मामले को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
