नयानगर पंचायत में अधूरा पड़ा पंचायत सरकार भवन, मांगा गया स्पष्टीकरण
Copied link
प्रशासन ने संबंधित मुखिया से यह स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर किन कारणों से अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका. साथ ही चेतावनी दी गई है
उदाकिशुनगंज
प्रखंड के नयानगर पंचायत में बिहार पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. मधेपुरा जिला पंचायत राज पदाधिकारी द्वारा जारी पत्र में संबंधित पंचायत के मुखिया से दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है. बताया गया है कि पंचायत राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान यह मामला सामने आया. समीक्षा में पाया गया कि नयानगर पंचायत में भवन निर्माण कार्य अब तक पूर्ण नहीं किया गया है. जबकि इसे समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए कई बार निर्देश दिए जा चुके थे. इसके बावजूद कार्य लंबित रहना प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना माना जा रहा है. पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि पंचायत सरकार भवन ग्रामीण स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. इसके अधूरा रहने से आमलोगों को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है. प्रशासन ने संबंधित मुखिया से यह स्पष्ट करने को कहा है कि आखिर किन कारणों से अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका. साथ ही चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन निर्माण कार्य में देरी के कारण पंचायत स्तर पर कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं. लोगों ने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है. ताकि पंचायत सरकार भवन का संचालन शुरू हो सके और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.