मधेपुरा.
जिला मुख्यालय के वीमेंस कॉलेज कौशल्याग्रम में सोमवार को जिला शतरंज संघ मधेपुरा के बैनर तले रेपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता -2026 का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड, बिहार, बंगाल, हरियाणा सहित कई राज्यों के शतरंज खिलाड़ियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता का उद्घाटन ऑल इंडिया शतरंज संघ के कोषाध्यक्ष सह शतरंज संघ बिहार के सचिव धर्मेंद्र कुमार, जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष सह वीमेंस कॉलेज कौशल्याग्रम के संस्थापक डॉ अशोक कुमार, मधेपुरा कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ पूनम यादव, समाजसेवी प्रीति यादव, मारवाड़ी मंच के कोषाध्यक्ष सुमेश कुमार सराफ, विंग कमांडर चंदन कुमार सिंह, संघ के जिला सचिव अनुज कुमार, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार, सह सचिव एफए रितेश कुमार आदि ने किया. उद्घाटनकर्ता धर्मेंद्र ने कहा कि शतरंज मानसिक कसरत का खेल है. जहां चाल के माध्यम से एक दूसरे को मात दी जाती है. उन्होंने कहा कि मधेपुरा में रेपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता-2026 का आयोजन एवं शतरंज खिलाड़ियों द्वारा बढ़ चढकर भाग लेना शतरंज के भविष्य को लेकर शुभ संकेत है.उद्घाटन सत्र एवं आयोजन की अध्यक्षता कर रहे संघ के अध्यक्ष डॉ अशोक कुमार ने कहा कि कोशी में पहली बार रेपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन जहां गर्व का विषय है. वहीं वीमेंस कॉलेज कौशल्याग्रम को मेजबानी का अवसर मिलना सुअवसर जैसा. इससे कॉलेज परिवार को विभिन्न जिलों एवं प्रांतों के खिलाड़ियों के स्वागत का अवसर मिला. अपने संबोधन में सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुये डॉ अशोक कुमार ने कहा सभी पूरे मनोयोग से खेले एवं खेल का पूरा आनंद लें. जिला शतरंज संघ के सचिव अनुज कुमार यादव ने बताया कि निर्णायक के रूप में शतरंज के राष्ट्रीय खिलाड़ी आलोक प्रियदर्शी, सह सचिव रितेश कुमार, आनंद शेखर, साकेत चौधरी, अंकुश कुमार प्रतियोगिता का संचालन कर रहे हैं.विजेता खिलाड़ियों को मिलेगा नकद पुरस्कार व ट्राॅफी
संघ के जिला कोषाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि रेपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में 21 श्रेणी में विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार व ट्राॅफी से सम्मानित किया जायेगा, जिसमें ओपन ग्रुप में पहले स्थान पर आने वाले को 10 हजार, दूसरे स्थान प्राप्त करने वाले को सात, तीसरे स्थान पर आने वाले को पांच हजार नकद पुरस्कार दिया जायेगा.आयोजन को सफल बनाने में प्रायोजक एलआइवी कोसी क्षेत्र समन्वयक ई रवींद्र यादव, एलआइवी मधेपुरा समन्वयक रुद्रनारायण यादव, मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष सुमित कुमार निवेतीया, साईं हॉस्पिटल के प्रधान निदेशक डॉ संतोष कुमार, एलआईवी समन्वयक प्रीति यादव, मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय के अध्यक्ष अंकित कश्यप की अहम भूमिका रही. उद्घाटन सत्र का संचालन पृथ्वीराज यदुवंशी ने किया.
