MADHEPURA: विनोद आशीष की पहल से चौसा में शुरू होगा “सुपोषित मातृ अभियान”, कुपोषण मुक्ति की दिशा में बड़ी पहल

अभियान के तहत करीब 1000 महिलाओं को पोषण किट वितरित किए जाएंगे तथा सभी चयनित केंद्रों पर बीएमआई मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी.

महिलाओं और बच्चों को मिलेगा पोषण किट, 26 आंगनबाड़ी केंद्रों पर लगेगी बीएमआई मशीन

उदाकिशुनगंज (मधेपुरा) कौनैन बशीर की रिपोर्ट:

मधेपुरा: उदाकिशुनगंज अनुमंडल के आकांक्षी प्रखंड चौसा में महिलाओं एवं बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से “सुपोषित मातृ अभियान” की शुरुआत की जा रही है. आईसीडीएस के सहयोग से संस्था सवेरा द्वारा प्रखंड के 26 आंगनबाड़ी केंद्रों में यह अभियान चलाया जाएगा. अभियान के तहत करीब 1000 महिलाओं को पोषण किट वितरित किए जाएंगे तथा सभी चयनित केंद्रों पर बीएमआई मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी.

इस अभियान की जानकारी देते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता बिनोद आशीष ने बताया कि राज्यसभा सांसद मनोज कुमार झा की अनुशंसा पर ओएनजीसी के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत इस योजना को प्रायोजित किया गया है. इसका क्रियान्वयन संस्था सवेरा द्वारा किया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं छह माह से तीन वर्ष तक के बच्चों को लाभान्वित किया जाएगा. विशेष रूप से गंभीर कुपोषित (सैम) बच्चों को प्राथमिकता दी जाएगी. कुल 1040 लाभार्थियों को एक माह के लिए पोषण एवं स्वच्छता किट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा.

पोषण किट में चावल, दाल, आटा, घी, दलिया, ओट्स, आयरन सिरप, डेटॉल तथा सैनिटरी पैड शामिल रहेंगे. इसके अतिरिक्त सभी 26 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बीएमआई मशीन लगाई जाएगी, ताकि लाभार्थियों की नियमित स्वास्थ्य जांच एवं निगरानी की जा सके.

अभियान के दौरान समुदाय स्तर पर पोषण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा देना है.

चौसा प्रखंड के सीडीपीओ दुर्गेश कुमार ने कहा कि बिनोद आशीष की यह पहल काफी सराहनीय है. उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों से कुपोषित महिलाओं एवं बच्चों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने में निश्चित रूप से सफलता मिलेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >