भर्राही में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, सड़क जाम कर मुआवजे की मांग

मधेपुरा के भर्राही में सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई, जब वह आटा पिसवाने मुरहो जा रहा था. तेज रफ्तार बाइक ने उसे सामने से टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी जान चली गई.

Madhepura Road Accident: मधेपुरा. भर्राही थाना क्षेत्र के मुरहो में 17 अगस्त की शाम करीब सात बजे सड़क हादसे में साइकिल सवार छोटेलाल कुमार की मौत हो गई. परिजनों के अनुसार वह साइकिल से गेहूं पिसवाने के लिए मुरहो जा रहा था. इसी दौरान एचपी गैस एजेंसी के पास तेज रफ्तार बाइक ने सामने से उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी.

आटा पिसवाने जा रहा था युवक

मृतक के भाई राज कुमार यादव ने बताया कि छोटेलाल कुमार रविवार शाम करीब सात बजे घर से साइकिल लेकर मुरहो की ओर निकला था. एचपी गैस एजेंसी के पास नदी की ओर से तेज रफ्तार और कथित रूप से लापरवाही से आ रही बाइक ने उसे सामने से टक्कर मार दी.

हादसे में मौके पर ही हुई मौत

परिजनों की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार बाइक पर मुरलीगंज थाना क्षेत्र के नवटोलिया निवासी पवन कुमार सवार था. उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी बाइक पर मौजूद था. आवेदन में बाइक चालक के नशे में होने का आरोप लगाया गया है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.

बाइक जब्त, चालक और साथी फरार

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि बाइक चालक और उसका साथी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया.

फोटो- सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण

परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे

छोटेलाल कुमार अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. बड़े बेटे की उम्र करीब ढाई वर्ष और छोटे बेटे की उम्र महज एक वर्ष बताई गई है. परिजनों के अनुसार छोटेलाल परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था. उसकी मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है.

मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम

Madhepura Road Accident: हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुरहो में घटनास्थल के पास सड़क जाम कर दिया. इस दौरान करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा. परिजनों ने आरोपी बाइक चालक और उसके साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की.पुलिस और प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार आशीष

कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >