सिंहेश्वर के बेहरारी हत्याकांड में दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, मुख्य अभियुक्त पर हत्या समेत कई संगीन मामले दर्ज

सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी गांव में हुई चर्चित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं.

Madhepura Murder Case: सिंहेश्वर (मधेपुरा). सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी गांव में गत दिनों हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस ने दो प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेंद्र भारती ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गम्हरिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया.

श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान हुई थी गोलीबारी

एसडीपीओ ने बताया कि बेहरारी गांव निवासी संजय यादव के पिता के श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी. इस घटना में रामु यादव की मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था. घटनास्थल से पुलिस ने 15 खोखे, एक जिंदा कारतूस और एक राइफल का कॉकिंग हैंडल बरामद किया था.

गुप्त सूचना पर एसआईटी ने की कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था. जांच के दौरान सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी विवेक यादव और उसका साथी मनखुश कुमार गम्हरिया थाना क्षेत्र के सिंगियोन गांव में छिपे हुए हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

मुख्य आरोपी पर कई संगीन मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विवेक यादव, शंकरपुर थाना क्षेत्र के कबियाही वार्ड संख्या-14 का निवासी है. उसके खिलाफ हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट, छिनतई और मारपीट सहित शंकरपुर थाना में पांच मामले दर्ज हैं. इसके अलावा सुपौल जिले के छातापुर थाना में हत्या तथा सिंहेश्वर थाना में आर्म्स एक्ट और मारपीट के मामलों में भी वह नामजद अभियुक्त है. वहीं दूसरे आरोपी मनखुश यादव का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है.

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी

एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी कर रही है.

इन अधिकारियों ने की कार्रवाई

Madhepura Murder Case: छापेमारी दल में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, सदर थानाध्यक्ष विमलेन्दू कुमार, गम्हरिया थानाध्यक्ष राघव शरण, शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार, रतवारा थानाध्यक्ष सड्डू कुमार तथा डीआईयू मधेपुरा की टीम शामिल रही.

Also Read : आज से काम पर लौटे EO, 31 अगस्त तक मांगें पूरी नहीं होने पर फिर आंदोलन की चेतावनी

पटना एयरपोर्ट पर नया नियम लागू, निजी गाड़ियों को पिक एंड ड्रॉप के लिए मिलेंगे 9 मिनट, ज्यादा रुके तो कटेगा चालान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुशांत कुमार

सुशांत कुमार प्रिंट माध्यम में 10 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिंहेश्वर (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >