Madhepura News : उदाकिशुनगंज थाने में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक अरुण भगत के सेवानिवृत्त होने पर थाने परिसर में भव्य सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में थाना परिवार के सभी पदाधिकारी, पुलिस बल, जनप्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए. समारोह की शुरुआत थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने अरुण भगत को माला पहनाकर, अंगवस्त्र, गुलदस्ता, छाता तथा श्रीमद्भागवत गीता भेंट कर सम्मानित करने के साथ की.
बेदाग सेवा और कर्मठता की हुई सराहना
समारोह को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने कहा कि एसआई अरुण भगत का पूरा सेवाकाल बेदाग रहा. वे नेकदिल, मृदुभाषी और अत्यंत कर्मठ पुलिस पदाधिकारी रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनके सेवानिवृत्त होने से थाना परिवार का एक महत्वपूर्ण सदस्य विदा हो रहा है और उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी.
भावुक होकर बोले अरुण भगत
सम्मान समारोह के दौरान सेवानिवृत्त एसआई अरुण भगत भावुक हो गए. उन्होंने नम आंखों से कहा कि यदि सेवाकाल के दौरान उनसे जाने-अनजाने में किसी प्रकार की कोई भूल हुई हो तो उसके लिए वे सभी से क्षमा प्रार्थी हैं. उन्होंने सहयोग और सम्मान के लिए अपने सहकर्मियों तथा स्थानीय लोगों का आभार भी व्यक्त किया.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में पुलिस अवर निरीक्षक गौरव कुमार, रमेश कुमार यादव, राजीव कुमार, संतोष कुमार सिंह, संजीत मरांडी, प्रवीण कुमार, सरोज कुमार, धनंजय कुमार गुप्ता, अलका कुमारी, खुशबू कुमारी, मो. सिकंदर, अमित कुमार और चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने अरुण भगत के साथ बिताए अनुभव साझा किए और उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की.
समारोह में बीस सूत्री सदस्य अरविंद महतो, वार्ड पार्षद रमण कुमार राणा, मो. शुऐब उद्दीन, अजय मंडल, संजय मार्शल, संतोष मंडल सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे.
