खुलासा . पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का एएसपी ने किया खुलासा
सदर थाना में रविवार को प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने पैक्स अध्यक्ष की हत्या का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पैक्स अध्यक्ष का चचेरा भाई निशांत कुमार उर्फ लड्डू ने ही उनकी हत्या करवायी. क्योंकि वह उसकी विधवा भाभी की मदद किया करते थे.
मधेपुरा :पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में कातिल चचेरा भाई निशांत कुमार उर्फ लड्डू ही निकला है. उसने भाड़े के तीन शूटरों से मनीष की हत्या करवाई. इस मामले में उसका सहयोग स्थानीय जयदेव यादव ने किया.
जयदेव यादव ही खबरी की भूमिका निभा रहा था. रविवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जयदेव यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है. वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है.
विधवा भाभी का सहयोग गुजरता था नागवार
निशांत उर्फ लड्डू के भाई नीरज की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी थी. उसकी मौत के बाद नीरज की विधवा को हिस्सा देने में आनाकानी जारी था. पैक्स अध्यक्ष मनीष द्वारा पहल कर तत्काल जीवन यापन के लिए विधवा को कुछ जमीन दिलायी गयी. इस जमीन की देखरेख भी मनीष ही कर रहा था. इसके अलावा वह नीरज की पत्नी को उचित हिस्सा बंटवारा कर देने के लिए दबाव भी बनाये हुए था. इस बात से लड्डू बेहद खफा था. वहीं इस मामले में गिरफ्तार जयदेव यादव लड्डू के कॉलेज का चपरासी होने के साथ – साथ नीरज के विधवा पत्नी के तत्काल हिस्से में आयी कुछ जमीन का बटाईदार था. जयदेव पर भी समय पर अनाज व राशि नहीं देने के कारण पैक्स अध्यक्ष मनीष द्वारा तगादा किया जा रहा था. लड्डू ने जयदेव से बात कर उसे सारी खबर देने के लिए एवं हत्या में सहयोग के लिए तैयार किया. जयदेव ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि लड्डू घटना के दिन तीन लड़कों के साथ साढे बारह बजे दिन तक गांव में ही था. उसने अन्य कई बातों का भी खुलासा किया. जिसे पुलिस द्वारा तत्काल अनुसंधान जारी रहने की वजह से गुप्त रखा गया है. एएसपी ने कहा पैक्स अध्यक्ष मनीष गांव में लोकप्रिय होने के साथ साथ पैक्स के माध्यम से जनवितरण प्रणाली एवं खाद दुकान चलाता था. किसी को भी उससे कोई शिकायत नहीं थी. लोगों के सुख दुख में साथ देने के अलावा इंसाफ पसंद होना उसकी खासियत थी.
