भैरोपट्टी हॉल्ट की समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

भैरोपट्टी हॉल्ट की समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन

पेयजल, शौचालय, रोशनी सहित फास्ट पैसेंजर व सभी पैसेंजर ट्रेन के ठहराव की मांग

मुरलीगंज. मुरलीगंज-बुधमा के बीच स्थित भैरोपट्टी हॉल्ट की समस्याओं को लेकर शनिवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. भैरोपट्टी हॉल्ट का जीर्णोद्धार करने, प्लेटफार्म को ऊंचा करने, हॉल्ट पर पेयजल, शौचालय व रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने, फास्ट पैसेंजर सहित सभी पैसेंजर ट्रेन का ठहराव, पैसेंजर ट्रेन की संख्या बढ़ाने आदि मांगों को लेकर लोगों ने प्लेटफार्म पर प्रदर्शन करते हुए रेल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाकपा नेता प्रमोद प्रभाकर ने कहा कि वर्ष 2003 से यह हॉल्ट संचालित है. बड़ी संख्या में रेलयात्री यहां चढ़ते व उतरते हैं, लेकिन रोशनी, पेयजल व शौचालय की व्यवस्था नदारद है. हॉल्ट जर्जर हो चुका है. उसमें सांप-बिच्छू जैसे घातक जीवों का वास हो गया है. उन्होंने कहा कि प्लेटफार्म इतना नीचे है कि आए दिन दुर्घटना होती रहती है. पिछले दिनों रेल प्रशासन को इन समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक कोई भी सुविधा नहीं दी गयी. कहा कि इससे स्थानीय लोगों एवं रेल यात्रियों में काफी आक्रोश है. मांगे पूरी नहीं हुई तो यहां के लोग व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे. वार्ड सदस्य संघ के जिलाध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि विगत दिनों डीआरएम को यहां के स्थानीय लोगों ने इन समस्याओं से संबंधित मांग पत्र सोपा था. दो महीने के अंदर सभी समस्याओं का समाधान करने का अश्वासन भी मिला था, लेकिन उनका आश्वासन ढाक के तीन पात ही साबित हुआ. प्रदर्शन करने वालों में अनिल भारती, मो ईशा, नीरज कुमार, उमाशंकर मुन्ना, मो सद्दाम हुसैन, राशिद, जुबेर, विजय यादव, सियाराम यादव, श्रवण कुमार, लक्ष्मण ऋषिदेव, मो फिरोज, अंसारुल, सैयद, जुबेर, शकीरा, खालिद व अन्य ग्रामीण शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >