घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया
बैजनाथपुर : सौरबाजार थाना क्षेत्र के सौरबाजार-पतरघट मुख्य मार्ग स्थित उत्कमित मध्य विधालय कांप लक्ष्मीनिया के समीप अज्ञात मोटर साइकिल ने 30 वर्षीया महिला को पीछे से धक्का मार दिया.
घटना में उसकी गोद में मौजूद एक नवजात की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिमी कांप पंचायत स्थित सिरहरा रामनगरा गांव निवासी प्रमोद शर्मा की 30 वर्षीय पत्नी सुलोचना देवी अपने घर से रुपये निकासी के लिए भारतीय स्टेट बैंक कांप बाजार गयी. जहां से रुपये निकासी के बाद नवजात को गोद में लेकर अपने घर जा रही थी.
उसी क्रम में एक अज्ञात मोटरसाइकिल चालक ने अनियंत्रित होकर पीछे से धक्का मार दिया. महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी और घटनास्थल पर ही उसके हाथ से छूटे नवजात की मौत हो गयी. स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल महिला को इलाज के लिए पीएचसी सौरबाजार में भरती करवाया गया. चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बतायी जा रही है.
