मधेपुरा. भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय बीएड पाठ्यक्रम की फीस में अचानक 50 प्रतिशत वृद्धि किये जाने के निर्णय के खिलाफ छात्र संगठनों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है. संयुक्त छात्र संगठन में एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, आइसा छात्र राजद एआईएसएफ के नेताओं का शिष्टमंडल कुलपति प्रो डॉ बिमलेंदु शेखर झा से मिलकर मांगपत्र सौंपा. छात्र नेताओं ने महामहिम कुलाधिपति के आदेश पर बीएन मंडल विश्वविद्यालय प्रशासन के 50 प्रतिशत शुल्क वृद्धि फैसले को छात्रहित के विरुद्ध बताते हुये इसे अविलंब वापस लेने की मांग की है. छात्र नेताओं ने कहा कि कोशी क्षेत्र, जो बाढ़ एवं सुखाड़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से हर वर्ष प्रभावित रहता है, वहां के अधिकांश छात्र किसान परिवारों से आते है. ऐसे में फीस में इतनी बड़ी वृद्धि उनके लिए गंभीर आर्थिक संकट पैदा कर रही है. छात्र नेताओं ने आशंका जताई है कि इस निर्णय के कारण यहां के छात्र छात्राओं अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ सकती है शिक्षा सभी के लिए समान अवसर का माध्यम होना चाहिये, न कि आर्थिक बोझ का कारण फीस वृद्धि का यह निर्णय सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों के विपरीत है. छात्र नेताओं ने कुलपति से आग्रह किया है कि वे इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए बीएड फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लें, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र भी बिना बाधा के अपनी शिक्षा जारी रख सकें. छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को बाध्य होंगे. शिष्टमंडल में एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक मनीष कुमार, युवा कांग्रेस नेता सौरभ यादव, छात्र जदयू के विश्वविद्यालय अध्यक्ष निखिल सिंह यादव, छात्र राजद के प्रधान महासचिव एन के यादव,आइसा के विश्वविद्यालय अध्यक्ष अरमान अली एजाज अख़्तर, एनएसयूआई के विश्वविद्यालय नेता निरंजन यादव नवनीत यादव, राजकिशोर कुमार आदि मौजूद थे.
बीएड फीस में 50 प्रतिशत वृद्धि के खिलाफ छात्र संगठनों में आक्रोश, कुलपति से मिला शिष्टमंडल
छात्र नेताओं ने कुलपति से आग्रह किया है कि वे इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए बीएड फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लें
